जमीन विवाद ने लिया खतरनाक मोड़: दो भाइयों पर फायरिंग का आरोप, ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचा
छोटीसादड़ी के संतोषपुरिया गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो भाइयों पर कथित फायरिंग से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया, जबकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत संतोषपुरिया गांव में मंगलवार रात जमीनी विवाद के दौरान हुई फायरिंग के बाद घटनास्थल से पुलिस द्वारा बरामद की गई बंदूक और सामग्री।
हरिपुरा ग्राम पंचायत के संतोषपुरिया गांव में लंबे समय से चल रहा जमीन विवाद मंगलवार देर रात उस समय हिंसक रूप ले बैठा, जब एक पक्ष द्वारा दो भाइयों पर कथित रूप से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। हालांकि गोली निशाने से चूक गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और दोनों भाई बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोषपुरिया निवासी नानूराम मोग्या पर देवलाल मोग्या और समथ मोग्या पर फायरिंग करने का आरोप है। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते मंगलवार रात स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और आरोपी ने कथित रूप से करीब 35 फीट की दूरी से दोनों भाइयों को निशाना बनाकर गोली चला दी।
गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायरिंग के बाद देवलाल और समथ ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी को पकड़ लिया तथा उसके हाथ से बंदूक छीन ली। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई। बाद में ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटनास्थल से एक नाल बंदूक बरामद होने की जानकारी भी सामने आई है। घटना के दौरान आरोपी नानूराम मोग्या घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए छोटीसादड़ी उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलने पर छोटीसादड़ी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते दोनों भाइयों ने सूझबूझ और साहस का परिचय नहीं दिया होता तो यह घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी। फिलहाल पुलिस फायरिंग, मारपीट और जमीन विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Shelendra Singh Yadav(Pratapgarh)
नाम: शैलेन्द्र सिंह यादव (Shelendra Singh Yadav)
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: छोटीसादड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान)
अनुभव: 10 वर्षों से अधिक
परिचय
शैलेन्द्र सिंह यादव राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले छोटीसादड़ी क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय स्तर पर सामाजिक, धार्मिक एवं जमीनी हकीकत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां और समाचार एकत्रित कर उन्हें प्रकाशित करने का कार्य करते हैं।
बीट और कवरेज (Beats & Coverage)
वह अपने कार्यक्षेत्र से निम्नलिखित सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं:
- राजनीति: स्थानीय राजनीतिक घटनाक्रम, चुनाव और जनप्रतिनिधियों से जुड़े समाचार।
- क्राइम: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था और अपराध से संबंधित मामले।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय और विकास कार्य।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: क्षेत्र की शैक्षणिक व्यवस्था, चिकित्सा सेवाएं और सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduate) की डिग्री हासिल की
