छोटीसादड़ी। क्षेत्र के आस्था के प्रमुख केंद्र नीमच मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम कॉलोनी में नवनिर्मित श्री खाटू श्याम मंदिर में पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का रविवार को अत्यंत हर्षोल्लास और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। श्री श्याम मित्र मंडल सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के केंद्र में श्री खाटू श्याम जी, शिव परिवार एवं हनुमान जी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा है, जिसे लेकर संपूर्ण नगर में उत्साह और भक्ति का ज्वार उमड़ पड़ा है। आयोजन को भव्यता देने हेतु पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और केले के पत्तों से सुसज्जित किया गया है, वहीं शास्त्रोक्त विधि-विधान के लिए यज्ञ वेदियों का निर्माण किया गया है।



महोत्सव के प्रथम चरण में रविवार को विभिन्न ग्रामों से आईं प्रभात फेरियों के साथ एक विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली गई। नीमच मार्ग स्थित श्री गोविंदेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई इस शोभायात्रा में प्रतिष्ठित होने वाली श्री खाटू श्याम जी की मूर्ति का नगर भ्रमण कराया गया। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की थाप पर निकली इस यात्रा में सिर पर मंगल कलश धारण किए महिलाएं और युवतियां भजनों पर नृत्य करती हुई चल रही थीं, वहीं पुरुष श्रद्धालु भी श्याम भक्ति के गीतों पर थिरकते नजर आए। नगर के जिस भी गली-मोहल्ले और चौराहे से यह शोभायात्रा गुजरी, वहां स्थानीय निवासियों ने पलक-पावड़े बिछाकर पुष्प वर्षा के साथ भावभीना स्वागत किया। धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक संस्थाओं ने भी यात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार और स्वागत की विशेष व्यवस्थाएं कीं, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। विभिन्न बाजारों और चौराहों से होते हुए यह शोभायात्रा पुनः नवनिर्मित श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंची, जहां प्रतिष्ठित मूर्तियों की सामूहिक आरती उतारी गई।

संस्थान के अनुसार, उत्सव के दूसरे दिन सोमवार को मंदिर परिसर में यज्ञ का आयोजन होगा और संध्याकाल में भव्य रामचरितमानस पाठ का वाचन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। भक्ति, शक्ति और समर्पण का यह अनूठा संगम आगामी पांच दिनों तक छोटीसादड़ी को धर्म के रंग में सराबोर रखेगा।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story