छोटीसादड़ी। उपखण्ड क्षेत्र के निकटवर्ती गोमाना गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन रहा। उत्कृष्ट परिणाम से उत्साहित विद्यालय परिवार ने अनूठी पहल करते हुए मेधावी विद्यार्थियों के घर-घर जाकर उनका एवं उनके अभिभावकों का सम्मान किया। प्रधानाचार्य दुर्गा शंकर शर्मा ने बताया कि कक्षा 10 में जतिन सेन ने 97.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ब्लॉक स्तर पर प्रथम एवं जिला स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं जया जैन ने 92.50 प्रतिशत तथा कशिश मालवीय ने 85.17 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

कक्षा 12 कला वर्ग में लहराया परचम

इसी प्रकार कक्षा 12 कला वर्ग में लक्षिता पाटीदार ने 97.60 प्रतिशत अंक अर्जित कर ब्लॉक स्तर पर प्रथम व जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा गुनगुन जटिया (94.60), चंचल पाटीदार (93), सरोज सुथार (92.80), अंजलि गायरी (92), जया गायरी (92) एवं अंतरा मालवीय (91.80) ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय का समग्र परिणाम भी उल्लेखनीय रहा, जहां 21 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। इनमें 5 बालिकाएं गार्गी पुरस्कार तथा 15 बालिकाएं बालिका प्रोत्साहन योजना के लिए पात्र बनी हैं।

निरंतर श्रेष्ठता और शिक्षकों का प्रोत्साहन

प्रधानाचार्य ने बताया कि "गत वर्ष भी विद्यालय की छात्रा सिमरन पाटीदार ने कला वर्ग में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया था।" इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य मनमोहन जगदाले सहित मुकेश सुथार, ताराचंद तेतरवाल, पूजा रैदास, विद्या माली, सुरेन्द्र सिंह चौहान, निखिलेश टेलर, मधुबाला शर्मा, छगनलाल उपाध्याय, सुनीता पाटीदार, प्रेमलता मोहिल, अरुण कुमार शर्मा, अर्चना शर्मा, श्रेणिक नाहर एवं रानी सोनी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों के द्वार पहुँचकर किया गया यह सम्मान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story