छोटीसादड़ी: हरीश आंजना कॉलेज में गो सम्मान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भँवर माता मार्ग स्थित महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से गो संरक्षण और सेवा की शपथ ली।

छोटीसादड़ी के हरीश आंजना स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित गो सम्मान आह्वान अभियान के दौरान पोस्टर और पत्रक के साथ उपस्थित अतिथि, शिक्षक एवं विद्यार्थी।
छोटीसादड़ी में राष्ट्रीय गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत युवाओं की जागरूकता और सहभागिता का सशक्त दृश्य देखने को मिला, जब भँवर माता मार्ग स्थित हरीश आंजना स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हस्ताक्षर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गो संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। आयोजन के मुख्य अतिथि आर्य समाज प्रधान लक्ष्मीनारायण तेली रहे, जबकि अध्यक्षता डॉ. जगन्नाथ सोलंकी ने की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक मंडेला की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस दौरान विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर गो रक्षा एवं सम्मान की शपथ ली। मुख्य अतिथि लक्ष्मीनारायण तेली ने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति में गौ माता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से गो संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।
अध्यक्ष डॉ. जगन्नाथ सोलंकी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में जागरूकता पैदा करना और उन्हें इस पावन अभियान से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने गो सेवा एवं संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रोफेसर राहुल जोशी, अजय कुमार यादव, भगवानलाल कामड़, नसरीन आरा, गोविंद रजक, भैया लाल गायरी, सुनीता रेगर, चौथमल, नितेश सहित अन्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर सपना बेस ने किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
