छोटीसादड़ी में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों के विरोध में बुधवार को गांधी चौराहे पर कांग्रेस की ओर से धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर नगर कांग्रेस कमेटी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व कैबिनेट मंत्री उदय लाल आंजना ने किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में पुतला दहन करते हुए नारेबाजी की।

धरने को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री उदय लाल आंजना ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर युवाओं की आवाज लगातार उठाती रहेगी।

कांग्रेस नेताओं ने प्रतियोगी परीक्षा मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही दिल्ली में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए दर्ज मुकदमे वापस लेने और संसद में इस विषय पर विस्तृत चर्चा कराने की भी मांग उठाई।

सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौराहे से रैली निकालकर केंद्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

इस दौरान पूर्व प्रधान मनोहरलाल आंजना, नगर अध्यक्ष अमृतलाल बंडी, मुस्तफा अली बोहरा, रणजीत सिंह मीना, नरेंद्र राव मराठा, अनिल शर्मा, बसंतीलाल आंजना, पूर्व उपप्रधान गोविंद कुमावत, मदन खटिक, मार्तण्ड राव मराठा, शांतिलाल पाटीदार, हरीश टेलर, मनीष उपाध्याय, रुस्तम खान, राधेश्याम मीणा, राहुल पाटीदार, गुलाब धाकड़ सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story