प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी ब्लॉक में नवसृजित ग्राम पंचायतों के लिए एक ऐतिहासिक और विकासोन्मुखी दिन देखने को मिला, जब प्रतापपुरा एवं हड़मतिया कुण्डाल में नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवनों का भव्य लोकार्पण समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। ढोल-नगाड़ों, डीजे और आतिशबाजी के बीच आयोजित इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को उत्सव के रंग में रंग दिया और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व यूडीएच मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्रीचंद कृपलानी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रतापगढ़ महावीर सिंह कृष्णावत ने की। विधायक कृपलानी ने दोनों ग्राम पंचायत भवनों का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इसके पश्चात प्रतापपुरा ग्राम पंचायत में सचिव पद पर मधुबाला पालीवाल तथा हड़मतिया कुण्डाल ग्राम पंचायत में सचिव पद पर रामअवतार यादव को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कराया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्रीचंद कृपलानी ने ग्राम पंचायतों को लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए कहा कि ये संस्थाएं गांवों के सर्वांगीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि नवीन पंचायत भवनों के शुरू होने से ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्यों और समस्याओं के समाधान के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अब पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से मिलेगा।

विधायक ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान और युवाओं को प्राथमिकता देते हुए सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मूलभूत क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। नवसृजित ग्राम पंचायतों से प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही ग्रामीणों से भी विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग कर ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष धनराज शर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष वरदीचंद धाकड़, पूर्वी मंडल अध्यक्ष विक्रम कुमावत, पश्चिम मंडल अध्यक्ष लोकेश धाकड़, निंबाहेड़ा नगर मंडल महामंत्री देवकरण समदानी, जिला परिषद सदस्य दलपत सिंह मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। प्रशासनिक स्तर पर छोटीसादड़ी तहसीलदार राजकुमार सारेल और जलोदा थाना प्रभारी पूरणमल मीणा भी समारोह में मौजूद रहे।

प्रतापपुरा ग्राम पंचायत क्षेत्र से सरपंच लक्ष्मी बाई मीणा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे, वहीं हड़मतिया कुण्डाल ग्राम पंचायत क्षेत्र से भी सरपंच सहित अनेक ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों का पारंपरिक तरीके से माल्यार्पण और साफा पहनाकर स्वागत किया गया।

समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। नवीन ग्राम पंचायत भवनों के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है और यह आयोजन ग्रामीण प्रशासन को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story