निशांत को गले लगाकर पीएम मोदी ने दिया बड़ा संदेश: क्या बिहार में सत्ता बदलने का इंतजार कर रहे विरोधियों के मंसूबों पर फिर गया पानी?
नीतीश सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य सरकार के विकास कार्यों को सराहा और निशांत कुमार के साथ एकजुटता दिखाकर अटकलों पर विराम लगाया।

बिहार दौरे के दौरान नीतीश सेतु के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (बाएं), प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (मध्य) और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सहित एनडीए नेता शामिल हुए।
बिहार की राजनीति में बीते दिनों चल रही तमाम चर्चाओं और अटकलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शनिवार को हुआ बिहार दौरा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए नई मजबूती लेकर आया है। इस दौरे से पहले राज्य के राजनीतिक गलियारों में यह बातें जोर पकड़ रही थीं कि एनडीए के भीतर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। निशांत कुमार को कथित धक्का दिए जाने की चर्चाओं के बाद यह माहौल और गहरा हो गया था। हालांकि, नीतीश सेतु के उद्घाटन के लिए पटना पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन और व्यवहार से इन सभी अटकलों को खारिज कर दिया।
पीएम मोदी ने गिनाईं सम्राट सरकार की उपलब्धियां
नीतीश सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्राट चौधरी सरकार के कामकाज की खुलकर सराहना की और इसे गठबंधन सरकार की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सम्राट सरकार नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने सम्राट सरकार के कार्यकाल से जुड़े कई काम गिनाए, जिन पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं और समर्थन में नारे लगाए।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में जिन बातों का उल्लेख किया, वे इस प्रकार हैं:
- राज्य में दो लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है।
- गया में 6,000 करोड़ रुपये की लागत वाली स्टील परियोजना पर काम शुरू हो चुका है।
- नलकूपों की संख्या बढ़ाते हुए 11 हजार नए नलकूप लगाए गए हैं।
- गांवों में 12 घंटे बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
- राज्य में एक वर्ष में 200 से अधिक नए डिग्री कॉलेजों की शुरुआत हुई और 'मां सीता महिला विश्वविद्यालय' की स्थापना को मंजूरी मिली।
- गरीबों को 42 लाख पक्के मकान दिए गए हैं और 11 लाख और पक्के मकान दिए जाएंगे।
- 75 लाख किसानों के खातों में हजारों रुपये भेजे गए हैं।
- 50 हजार ग्रामीण महिलाओं को लखपति बनाया गया है।
- बंद चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने के लिए नई गन्ना प्रोत्साहन नीति लाई गई है।
सम्राट और निशांत की जोड़ी को मिला मंच से समर्थन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को गले लगाकर यह संदेश दिया कि गठबंधन में एकजुटता कायम है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं से भी गर्मजोशी से मुलाकात की, जिनमें केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा शामिल हैं।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री से पहले बोलने वाले कई अन्य नेताओं ने भी सम्राट और निशांत की जोड़ी का जिक्र कर एनडीए को मजबूती देने की कोशिश की। उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने इस जोड़ी के प्रति विश्वास जताया। इन बयानों के जरिए उन लोगों को जवाब दिया गया जो सम्राट और निशांत के बीच मतभेद की बातें फैलाकर सरकार बदलने की उम्मीद लगाए बैठे थे।
सम्राट चौधरी की कूटनीति और विपक्ष पर निशाना
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी अपने भाषण में राजनीतिक संतुलन और तीखे तेवर दोनों दिखाए। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर से जुड़े विवाद पर उन्होंने कूटनीतिक अंदाज में कहा कि पूरा पुल ही नीतीशमय कर दिया गया है, जबकि जो लोग प्रोटोकॉल को नहीं समझते, वे तस्वीर का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने एनडीए सरकार का एक साल पूरा होने का जिक्र करते हुए 34 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं और नीतीश सेतु के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया कि बिहार 2037 तक और भारत 2047 तक समृद्ध बनेगा।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि गांधी परिवार ने वैशाली को छला है और वहां के लोगों को कभी दिल्ली नहीं बुलाया। उन्होंने कांग्रेस की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि पटना में ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री के पिता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, लेकिन हकीकत यह है कि पूरा बिहार मन से पीएम मोदी को प्यार करता है।
वरिष्ठ पत्रकार ओम प्रकाश अश्क ने बताई दौरे की टाइमिंग
वरिष्ठ पत्रकार ओम प्रकाश अश्क के अनुसार, नीतीश सेतु के उद्घाटन के लिए चुनी गई टाइमिंग बेहद अहम रही। उन्होंने बताया कि यह वह दौर था जब जदयू दो वजहों से नाराजगी में थी—पहली वजह एमएलसी चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार को मदद करने का आरोप था और दूसरी वजह जदयू की गुटबाजी के पीछे भाजपा का हाथ बताया जाना था। इसी बीच निशांत को धक्का दिए जाने का मामला भी खूब चर्चा में रहा।
ओम प्रकाश अश्क का कहना है कि राजनीतिक हलकों में ऐसी चर्चाएं चल रही थीं कि नाराजगी के चलते कहीं जदयू सरकार से नाता न तोड़ ले, और इसी दौरान राजद व कांग्रेस के कई नेताओं ने ऑफर देने का खेल भी चलाया। उनके मुताबिक, ऐसे समय में पीएम मोदी के बिहार दौरे ने न केवल विपक्ष की उम्मीदों पर पानी फेरा, बल्कि बिहार भाजपा के उस धड़े को भी संदेश दिया जो सम्राट सरकार को लेकर असहज था। इस तरह पीएम मोदी का यह दौरा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार के लिए ताकत साबित हुआ।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
