बिहार की राजधानी पटना में एनएच-139 पर कंटेनर ट्रक और ऑटो के बीच हुई भीषण टक्कर में युवती समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क से करीब 20 फीट नीचे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों लोगों की जान चली गई।

घटना जानीपुर थाना क्षेत्र में मंगूपुर के समीप हुई। मृतकों की पहचान सोनी कुमारी (करीब 18 वर्ष) और ऑटो चालक विजय सिंह (करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों विक्रम थाना क्षेत्र के हथसार गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

डीसीपी ट्रैफिक-3 आशीष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों मृतक आपस में रिश्तेदार बताए जाते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही जानीपुर थानाध्यक्ष सागर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद ऑटो में दोनों शव फंस गए थे। पुलिस ने जेसीबी की मदद से शवों को बाहर निकलवाया।

इस दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर सुमन प्रसाद, ट्रैफिक प्रभारी देवानंद कुमार, अभिषेक सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे। एनएच-139 पर हुए इस भीषण हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एक ही दुर्घटना में दो लोगों की मौत से उनके परिजनों में शोक का माहौल है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story