Mumbai BMC election 2025 : मुंबई में आगामी बीएमसी चुनाव को लेकर सियासी समीकरण अब तेजी से आकार लेने लगे हैं। शरद पवार गुट के नेता जयंत पाटील ने उद्धव ठाकरे से मातोश्री में डेढ़ घंटे तक मुलाकात की और आगामी चुनाव में गठबंधन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के बाद जयंत पाटील ने बताया कि उनका लक्ष्य मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की पार्टी MNS के साथ चुनाव लड़ना है। उन्होंने कहा कि बैठक सकारात्मक रही और कांग्रेस से भी बातचीत जारी है, जिससे जल्द ही तय हो जाएगा कि किसके साथ चुनाव मैदान में उतरना है। उनका यह भी मानना है कि अगर मुंबई में एमवीए के सभी साथी दल साथ रहें, तो बीजेपी को कड़ी टक्कर दी जा सकती है।

पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में भी सियासी समीकरणों को लेकर चर्चा जारी है। जयंत पाटील ने कहा कि यहां वे अजित पवार की एनसीपी के साथ गठबंधन करना चाहते हैं। स्थानीय कार्यकर्ताओं की भी यही इच्छा है। हालांकि, बाकी क्षेत्रों में प्राथमिकता एमवीए के सहयोगी दलों के साथ रहने की है। उन्होंने दोनों एनसीपी के भविष्य में मर्जर की संभावनाओं पर कहा कि उनकी पार्टी में इस पर कोई ठोस चर्चा नहीं हुई है और मीडिया में यह खबर सुन रहे हैं।

मुंबई कांग्रेस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह अकेले चुनाव लड़ने की स्थिति में है और राज ठाकरे की पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। वहीं, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे पहले ही सहयोगी हो चुके हैं। आने वाले समय में महाराष्ट्र की सियासी तस्वीर और स्पष्ट होगी, जब सभी दलों के बीच गठबंधन और सीटों को लेकर अंतिम बातचीत पूरी हो जाएगी। फिलहाल, राज्य में गठबंधन और चुनावी रणनीतियों को लेकर चर्चा का दौर जारी है।

Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story