भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय के सामने से एक ओवरब्रिज गुजरता है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसी ओवरब्रिज पर एक पोस्टर लगाया है, जिस पर लिखा है ‘मेटा बीजेपी का बेटा’। संगठन का आरोप है कि बीजेपी के इशारे पर मेटा कांग्रेस नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर रहा है।

राजधानी में बीजेपी और कांग्रेस के बीच यह पोस्टर वार पहली बार नहीं है। इस पोस्टर में मेटा और बीजेपी के संबंधों पर निशाना साधा गया है। अकाउंट बंद किए जाने के मुद्दे पर युवा कांग्रेस ने इसी तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।

मेटा के दफ्तर में तोड़फोड़ के बाद भोपाल में विरोध

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले मेटा के दफ्तर में तोड़फोड़ की थी। अब विरोध भोपाल तक पहुंच गया है। पोस्टर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित दुबे ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर लगवाया।

पोस्टर लगने के बाद राजनीतिक गलियारों में इस पर बात होने लगी है। एमपी युवा कांग्रेस ने पोस्टर लगाने का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी डाला। वीडियो के साथ लिखा गया, ‘भोपाल बीजेपी कार्यालय के सामने यूथ कांग्रेस ने लगाया पोस्टर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित दुबे ने कार्यकर्ताओं के साथ लगवाया मेटा का बेटा स्लोगन वाला पोस्टर’।

बीजेपी और मेटा ने इन आरोपों पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

साँवेर में सांकेतिक प्रदर्शन

साँवेर विधानसभा में भी युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौर ने इसका आह्वान किया था। साँवेर विधानसभा अध्यक्ष प्रदीप कमल सिंह चौहान ने सांकेतिक प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

कार्यकर्ताओं ने “META BJP KA BETA” लिखा बैनर लेकर नारे लगाए। इस दौरान अजय कुमावत, सुधीर परमार, अमन, आर्यन चौधरी, राहुल चौहान और सद्दाम ख़ान भी मौजूद रहे।

दिल्ली और बेंगलुरु में भी पोस्टर

मेटा की नीतियों के खिलाफ युवा कांग्रेस ने दिल्ली और बेंगलुरु में भी पोस्टर लगाए हैं। दिल्ली में कार्यकर्ताओं ने ITO फुट ओवरब्रिज पर पोस्टर लगाए। बेंगलुरु के बिलबोर्ड पर मार्क ज़करबर्ग को सफेद शर्ट और खाकी शॉर्ट्स में दिखाया गया है। उनके साथ ‘Mark BJPberg’ नाम और ‘Meta BJP Ka Beta’ का नारा लिखा है।

बेंगलुरु में शुरू हुए इस बैनर अभियान में युवा कांग्रेस ने कंपनी पर राजनीतिक पक्षपात का आरोप लगाया है। संगठन का कहना है कि कंपनी का रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए नुकसानदेह है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। युवा कांग्रेस ने यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर भी चिंता जताई है। अकाउंट बंद होने के आरोपों पर बीजेपी और मेटा का जवाब अभी नहीं आया है।

Updated On
Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story