जम्मू-कश्मीर: IAS और JKAS अधिकारी विवाद में जांच के आदेश
समीक्षा बैठक के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर सरकार ने जांच बैठाई, महिला आयोग ने मुख्य सचिव से जवाब मांगा।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, जिन्होंने अधिकारियों के विवाद मामले में मुख्य सचिव को पत्र लिखा है।
जम्मू-कश्मीर में आईएएस और जेकेएएस की महिला अधिकारी के बीच विभागीय बैठक के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर उठा विवाद गहरा गया है। मामले में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से लेकर महिला आयोग तक सक्रिय हो गए हैं। प्रदेश सरकार ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को जांच के आदेश जारी किए। जांच अधिकारी को 15 दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपनी होगी।
शहरी विकास विभाग की आयुक्त सचिव मनदीप कौर को इस मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें आगामी 15 दिनों में जांच पूरी कर रिपोर्ट सरकार को सौंपनी है। वहीं, महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव से जवाब मांगा है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस प्रकरण को लेकर मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के बाद महिला जेकेएएस अधिकारी के खिलाफ किसी भी तरह की प्रतिशोधात्मक कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। दूसरी ओर, ऑल जेएंडके जूनियर स्केल एसोसिएशन ने निष्पक्ष जांच नहीं होने की स्थिति में पेन डाउन स्ट्राइक पर जाने की बात कही है।
विवाद की शुरुआत श्रीनगर स्थित सिविल सचिवालय में श्रम एवं रोजगार विभाग के सचिव राजीव रंजन की ओर से ली जा रही ऑनलाइन विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि जेकेएएस महिला अधिकारी बेनीश वानी अवकाश पर होने के बावजूद घर से ऑनलाइन बैठक में शामिल हुई थीं।
बैठक के दौरान दोनों अधिकारियों के बीच पहले विवाद हुआ, जो देखते ही देखते बहस में बदल गया। इस दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया और प्रशासनिक स्तर पर हलचल बढ़ गई।
सचिवालय स्तर पर शुक्रवार को हुए घटनाक्रम के बाद कश्मीर में सक्रिय सभी राजनीतिक दल भी महिला अधिकारी के समर्थन में उतर आए। सरकार की ओर से जांच के आदेश, महिला आयोग की सक्रियता और कर्मचारी संगठन की पेन डाउन स्ट्राइक की चेतावनी के बीच अब जांच रिपोर्ट पर नजर रहेगी। मनदीप कौर को 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपनी है, जिसके आधार पर मामले में आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की दिशा तय होगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
