पटना (एजेंसी)। बिहार विधानसभा चुनाव की अधिसूचना अगले माह के पहले सप्ताह में जारी होने की संभावना है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राज्य का राजनीतिक माहौल तेजी से गर्म होता जा रहा है। विपक्ष जहां मतदाता सूची के प्रारूप को लेकर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर हमलावर है, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमांचल क्षेत्र से बड़ा बयान देकर चुनावी हलचल को और तेज कर दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्णिया जिले के शीशाबाड़ी में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “भारत में घुसपैठियों की मनमानी अब और नहीं चलेगी। यह मेरी गारंटी है कि हर हाल में घुसपैठियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।” घुसपैठियों पर हर हाल में कार्रवाई – मोदी

मोदी ने अपने भाषण में स्पष्ट कहा कि देश में घुसपैठ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सीमांचल क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां लंबे समय से घुसपैठ की समस्या बनी हुई है, जिससे स्थानीय जनजीवन और सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ रहा है। प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार इस समस्या पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है और भविष्य में इसका ठोस समाधान निकालकर ही दम लेगी।

प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद जैसी पार्टियां घुसपैठियों की खुलकर वकालत कर रही हैं। “ये लोग विदेशी घुसपैठियों को बचाने के लिए नारे लगा रहे हैं, यात्राएं निकाल रहे हैं और बिहार सहित पूरे देश की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं। यह दल बिहार की जनता के संसाधनों और भविष्य, दोनों को दांव पर लगा रहे हैं।”

मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस और राजद की जमात को यह समझ लेना चाहिए कि अब भारत में केवल भारत का कानून चलेगा। “जो भी घुसपैठिया है, उसे बाहर जाना ही होगा। एनडीए सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह गंभीर है और देश को सुरक्षित करने की जिम्मेदारी हम पूरी तरह निभाएंगे।”


प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पूर्वी भारत के जनसांख्यिकीय (डेमोग्राफी) संकट का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बिहार, बंगाल और असम जैसे राज्यों में घुसपैठ के कारण जनसंख्या संतुलन बिगड़ रहा है। यह स्थिति सामाजिक और सांस्कृतिक ताने-बाने को प्रभावित कर रही है और महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रही है। इसी वजह से उन्होंने लालकिले से “डेमोग्राफी मिशन” की घोषणा की थी।

मोदी ने सभा में जनता से सीधा संवाद करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब घुसपैठियों की रक्षा करने वालों को जवाब दिया जाए। “जो दल घुसपैठियों के साथ खड़े हैं, उन्हें बिहार की जनता करारा जवाब देने वाली है। यह मेरी गारंटी है कि घुसपैठियों पर कार्रवाई होगी और इसका सकारात्मक परिणाम पूरा देश देखेगा।”

चुनावी मौसम में पीएम मोदी का यह बयान राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। सीमांचल क्षेत्र लंबे समय से घुसपैठ के मुद्दे से जुड़ा रहा है और यही वजह है कि इस मुद्दे पर दिया गया प्रधानमंत्री का संदेश आने वाले चुनाव में बड़ा राजनीतिक असर डाल सकता है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story