आमजन को सरकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं का लाभ उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में शहरी सेवा शिविर अभियान-2026 का संचालन किया जा रहा है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने की व्यापक व्यवस्था की गई है।

जिला कलक्टर कमल राम मीना ने बताया कि प्रतिदिन प्रातः 9:30 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित होने वाले इन शिविरों का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाना भी है। अभियान के तहत नागरिक सुविधाओं से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि शिविरों के दौरान शहरों में साफ-सफाई अभियान को गति देने के साथ सड़क मरम्मत, पैचवर्क, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, नालियों एवं सीवर लाइनों के सुधार कार्य, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा आवारा पशुओं को पकड़ने जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस रखा जाएगा। इससे शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

शिविरों में विभिन्न विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर स्वीकृतियां जारी की जाएंगी। इसके अलावा पेंशन योजनाएं, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, जनधन योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ भी पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराया जाएगा।

आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक शिविर में हेल्प डेस्क, ई-मित्र सुविधा केंद्र, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, बैठने, पेयजल, बिजली तथा अन्य बुनियादी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। शिविरों के सुचारू संचालन और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।

अभियान के तहत आगामी सप्ताह नगर परिषद ब्यावर क्षेत्र में 22 जून को वार्ड संख्या 9 से 12, 23 जून को वार्ड संख्या 13 से 16 तथा 24 जून को वार्ड संख्या 17 से 20 तक के नागरिकों के लिए शिविर नगर परिषद परिसर में आयोजित किए जाएंगे। नगर पालिका बिजयनगर क्षेत्र में 22 जून को वार्ड 11 एवं 12, 23 जून को वार्ड 13 एवं 14, 24 जून को वार्ड 15 एवं 16 तथा 25 जून को वार्ड 17 एवं 18 के लिए शिविर लगाए जाएंगे।

इसी प्रकार नगर पालिका जैतारण में 22 जून को वार्ड 5 एवं 6 तथा 24 जून को वार्ड 7 एवं 8 के लिए शहरी सेवा शिविर आयोजित होंगे। नगर पालिका मसूदा में 22 जून को वार्ड 6, 23 जून को वार्ड 7, 24 जून को वार्ड 8 तथा 25 जून को वार्ड 9 के लिए शिविर लगाए जाएंगे। वहीं नगर पालिका रायपुर क्षेत्र में 22 जून को वार्ड 6, 23 जून को वार्ड 7, 24 जून को वार्ड 8 एवं 9 तथा 25 जून को वार्ड 10 एवं 11 के नागरिकों को शिविरों का लाभ मिलेगा।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। यह अभियान शहरी क्षेत्रों में प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story