सुरेश ढाका पेपर लीक जांच में खनन कनेक्शन की एंट्री, एसओजी ने ईडी से मांगी निवेश और लेनदेन की जांच
आरपीएससी वरिष्ठ अध्यापक द्वितीय श्रेणी भर्ती परीक्षा-2022 पेपर लीक मामले में एसओजी की जांच अब खनन कारोबार तक पहुंच गई है। सुरेश कुमार ढाका से जुड़े बजरी खनन पट्टे के निवेश और वित्तीय लेनदेन की जांच के लिए ईडी से मदद मांगी गई है, जबकि खनन विभाग से भी सभी रिकॉर्ड तलब किए गए हैं।

मेसिया गांव में बजरी खनन पट्टे के स्टॉक यार्ड पर तैनात सुरक्षाकर्मी।
आरपीएससी की वरिष्ठ अध्यापक द्वितीय श्रेणी भर्ती परीक्षा-2022 के पेपर लीक प्रकरण की जांच अब खनन कारोबार तक पहुंच गई है। स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने फरार एक लाख रुपए के इनामी आरोपी सुरेश कुमार ढाका से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), जयपुर को पत्र भेजकर उसके पिता मांगीलाल ढाका के नाम आवंटित बजरी खनन पट्टे में निवेशित धनराशि के स्रोत और वित्तीय लेनदेन की जांच कराने का अनुरोध किया है।
एसओजी के पत्र के अनुसार राजस्व मेसिया, तहसील रायपुर (जिला ब्यावर) के खसरा संख्या 16 एवं 544 की राजकीय भूमि पर 100 हेक्टेयर क्षेत्र में संचालित बजरी खनन पट्टे में करोड़ों रुपए के निवेश का उल्लेख किया गया है। एसओजी ने 10 से 16 जुलाई 2026 के बीच विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों की प्रतियां भी पत्र के साथ संलग्न करते हुए उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक जांच करने का अनुरोध किया है।
इसके साथ ही एसओजी ने खान एवं भू-विज्ञान विभाग के सहायक खनिज अभियंता, जैतारण को अलग से पत्र भेजकर खनन पट्टे के आवंटन से लेकर उसके संचालन तक के सभी प्रमाणित अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मांगे गए रिकॉर्ड में आवंटन आदेश, निविदा प्रक्रिया, पात्रता संबंधी दस्तावेज, निवेशित राशि का विवरण, पर्यावरण एवं अन्य स्वीकृतियां, विभाग को प्राप्त शिकायतें, निरीक्षण रिपोर्ट, जांच प्रतिवेदन, नोटिस, विभागीय कार्रवाई तथा अन्य संबंधित अभिलेख शामिल हैं।
एसओजी ने ईडी से उपलब्ध तथ्यों के आधार पर खनन पट्टे में निवेशित धनराशि के स्रोत, वित्तीय लेनदेन और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच करने का अनुरोध किया है। वहीं सहायक खनिज अभियंता, जैतारण को भेजे गए पत्र में भी खनन पट्टा आवंटन आदेश, निविदा प्रक्रिया, पात्रता संबंधी रिकॉर्ड, निवेश का विवरण, पर्यावरणीय स्वीकृतियां, विभाग को प्राप्त शिकायतें, जांच प्रतिवेदन, निरीक्षण रिपोर्ट, नोटिस तथा विभागीय कार्रवाई सहित सभी प्रमाणित अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा गया है। इन दस्तावेजों के आधार पर खनन पट्टे के प्रशासनिक और वित्तीय पहलुओं का परीक्षण किया जाएगा।
इधर ग्राम मेसिया स्थित मैसर्स ढाका कंस्ट्रक्शन के खनन पट्टा संख्या 3/2025 से जुड़े बजरी स्टॉक यार्ड पर खनन विभाग पहले ही निगरानी बढ़ा चुका है। विभाग ने चेक पोस्ट स्थापित कर दो होमगार्ड जवानों की तैनाती की है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि खनन पट्टा क्षेत्र और स्टॉक यार्ड से किसी भी प्रकार की बजरी का निर्गमन नहीं होने दें तथा स्टॉक की यथास्थिति बनाए रखें। विभाग ने इसे जांच प्रक्रिया के तहत एहतियाती कदम बताया है।
इस पूरे मामले में मैसर्स ढाका कन्स्ट्रक्शन की ओर से अधिकृत प्रतिनिधि रोहित गुर्जर ने कहा कि पेपर लीक प्रकरण के आरोपी सुरेश ढाका का उनकी फर्म से किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। उनके अनुसार सुरेश ढाका कभी भी फर्म का प्रोपराइटर, भागीदार अथवा हस्ताक्षर के लिए अधिकृत व्यक्ति नहीं रहा। उन्होंने कहा कि उसे कई वर्ष पहले ही परिवार से बेदखल कर दिया गया था और वह अपना अलग व्यवसाय करता है। उन्होंने यह भी कहा कि फर्म का व्यवसाय मांगीलाल ढाका द्वारा स्वतंत्र रूप से संचालित किया जा रहा है तथा मेसिया स्थित बजरी खनन लीज अथवा फर्म की किसी भी व्यावसायिक गतिविधि से सुरेश ढाका का कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है। उनके अनुसार सुरेश ढाका के व्यक्तिगत कार्यों या मामलों से मैसर्स ढाका कन्स्ट्रक्शन का कोई लेना-देना नहीं है।
इस कार्रवाई के साथ एसओजी ने जांच का दायरा खनन पट्टे के वित्तीय और प्रशासनिक पहलुओं तक विस्तारित कर दिया है, जबकि ईडी और संबंधित विभागों से मांगे गए अभिलेख तथा जांच आगे की कार्रवाई में महत्वपूर्ण आधार बनेंगे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
