राजस्थान में मतदाता सूची के सतत अद्यतन के तहत पात्र एवं नव मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान शुरू हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में शामिल होने से रह गए पात्र नागरिकों तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान, नवीन महाजन ने बताया कि अभियान के तहत सभी जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पिछले सात दिनों में विधानसभा क्षेत्रों में नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए 57,000 से अधिक Form-6 प्राप्त हो चुके हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से स्कूल और कॉलेज स्तर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां तथा विशेष कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। विधानसभा क्षेत्रों में ELC द्वारा संचालित इन जनजागरूकता कार्यक्रमों की निगरानी और पर्यवेक्षण जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। इसके साथ ही जिलों में संचालित अभियान और विभिन्न गतिविधियों की प्रगति का मुख्यालय स्तर से भी नियमित रूप से पर्यवेक्षण एवं परीक्षण किया जा रहा है।

भारत निर्वाचन आयोग ने आमजन की सुविधा के लिए राजस्थान सहित SIR की प्रक्रिया पूर्ण कर चुके अन्य राज्यों में मतदाता पंजीकरण के Form-6 और संशोधन के लिए Form-8 के साथ SIR के दौरान जोड़े गए घोषणा पत्र की आवश्यकता समाप्त कर दी है। पात्र नागरिक voters.eci.gov.in अथवा ECINET के माध्यम से ऑनलाइन Form-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।

श्री महाजन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने परिवार और आसपास के ऐसे पात्र युवाओं एवं नागरिकों को भी मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।

उन्होंने कहा कि सशक्त, सहभागी एवं समावेशी लोकतंत्र के उद्देश्य की प्राप्ति के लिए निर्वाचन विभाग कटिबद्ध है। ऐसे में पात्र और नव मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए जारी यह विशेष अभियान मतदाता सूची को सतत रूप से अद्यतन करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल है।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story