राजस्थान शिक्षक संघ ने 7 सूत्रीय मांगों को लेकर सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
रायपुर में शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम 7 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा, स्थानांतरण, पदोन्नति और वेतन संरक्षण समेत कई मांगें उठाईं।

रायपुर उपखंड अधिकारी ज्वाला प्रसाद मीणा को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि।
राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश संयोजक जवरी लाल प्रजापत के नेतृत्व में एवं ब्लॉक रायपुर अध्यक्ष महेंद्र कुमार टेलर की अध्यक्षता में शिक्षकों ने माननीय मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार के नाम 7 सूत्रीय मांग पत्र उपखंड अधिकारी ज्वाला प्रसाद मीणा को सौंपा।
ज्ञापन में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण सहित विभिन्न लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की गई। शिक्षकों ने मांग की कि सत्र 2018 के बाद से लंबित तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण जल्द किए जाएं। इसके साथ ही टीएसपी (TSP) से नॉन-टीएसपी क्षेत्र में शिक्षकों का समायोजन करवाने की मांग भी रखी गई।
शिक्षकों ने पिछले छह शिक्षा सत्रों से रुकी हुई तृतीय श्रेणी शिक्षकों की वरिष्ठ अध्यापक पद पर पदोन्नति प्रक्रिया (DPC) तुरंत शुरू करने की मांग की। एडिशनल विषय मामले में सुप्रीम कोर्ट से एसएलपी (SLP) वापस लेकर प्रभावी पैरवी करते हुए रुकी हुई प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
ज्ञापन में वित्त विभाग द्वारा 2 जून 2026 को जारी सर्कुलर वापस लेने की मांग करते हुए कहा गया कि ग्रेड थर्ड से उच्च पद (1st/2nd Grade) पर जाने वाले शिक्षकों को RSR नियम 24 और 26 के तहत 100% वेतन संरक्षण दिया जाए तथा अवैध रिकवरी रोकी जाए।
शिक्षकों ने वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त तृतीय श्रेणी शिक्षकों को टेट/रीट उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता से व्यावहारिक राहत देने की मांग की। उन्होंने परीक्षा की बाध्यता के स्थान पर विशेष प्रशिक्षण और सेवा अनुभव के आधार पर मूल्यांकन किए जाने की मांग रखी।
इसके अलावा जर्जर होने के कारण जमीदोज किए गए विद्यालय भवनों के पुनः निर्माण के लिए शीघ्र बजट जारी करने की मांग की गई, जिससे शैक्षणिक कार्य प्रभावित न हों। शिक्षकों एवं कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण, सरेंडर लीव, जीपीएफ (GPF) और राज्य बीमा राशि के भुगतान पर लगी अघोषित आर्थिक नाकेबंदी खत्म कर शीघ्र भुगतान व्यवस्था शुरू करने की मांग भी ज्ञापन में की गई।
ज्ञापन में वर्ष 2015 में बनी स्टाफिंग पैटर्न व्यवस्था को पूरी तरह लागू करने तथा नवक्रमोन्नत एवं सभी विद्यालयों में छात्रों की संख्या के अनुपात में शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग रखी गई।
ज्ञापन सौंपते समय जवरीलाल प्रजापत, हुकमीचंद मिश्रा, प्रहलाद सिंह सांखला, विजय शंकर मिश्रा, महेंद्र कुमार टेलर, शिवलाल राज बोहरा, कान सिंह राठौड़, सलाउद्दीन, गोविंद सिंह चारण, लालचंद कोराणी, पूरन कुमार लोहार, अजहर अली, सोहनलाल, सुरेंद्र सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
