जैतारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मारपीट, लूट, धमकी और वाहन चोरी का फरार आरोपी प्रवीण जयपाल उर्फ पप्पू गिरफ्तार
जैतारण पुलिस ने मारपीट, लूट, धमकी और वाहन चोरी के मामलों में वांछित फरार आरोपी प्रवीण जयपाल उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ कई गंभीर प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस थाना जैतारण ने मारपीट के प्रकरणों तथा वाहन चोरी के मामले में वांछित फरार अभियुक्त प्रवीण जयपाल उर्फ पप्पू को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अभियुक्त पर मारपीट, लूट, धमकी और वाहन चोरी सहित कई गंभीर मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार तलाश की जा रही थी। आखिरकार 19 जुलाई 2026 को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 29 मार्च 2026 को परिवादिया श्रीमती गीता देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे वह अपने पुत्र मंगलनाथ और भगवाननाथ के साथ घर पर खाना खा रही थीं। इसी दौरान बीजांराम पुत्र चन्द्राराम माली, बन्द्राराम पुत्र हीराराम माली, प्रवीण मेघवाल, गजेन्द्र मेघवाल, भूपेन्द्र मेघवाल, राकेश मेघवाल, सुनिल बावरी और रामस्वरूप बावरी निवासी निम्बोल उनके घर में अनाधिकृत रूप से जान से मारने की नियत से घुस आए। घर में प्रवेश करते ही आरोपियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे लेट्रिन-बाथरूम के दरवाजे टूट गए। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ कर सामान बिखेर दिया तथा प्रवीण मेघवाल घर में फ्रिज पर रखे 5 हजार रुपये भी लूटकर ले गया। इस रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
घटना के बाद अभियुक्तगण गिरफ्तारी के भय से फरार हो गए। फरारी के दौरान 18 जून 2026 को अभियुक्त प्रवीण जयपाल उर्फ पप्पू ने सिणला सीमेंट प्लांट के सामने एक ट्रेलर को रुकवाकर उसके चालक फारूख अली के साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने ट्रेलर का कांच तोड़ दिया और चालक को डरा-धमकाकर उससे 5 हजार रुपये जबरन लेकर फरार हो गया। इस संबंध में प्रकरण संख्या 282/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, फरारी के दौरान अभियुक्त प्रवीण जयपाल उर्फ पप्पू अपने विरुद्ध गवाही देने वाले लोगों को फोन कर धमकियां भी देने लगा। पुलिस ने उसे आदतन बदमाश बताते हुए कहा कि लगातार मारपीट की घटनाएं कारित करने से आम लोगों में भय का वातावरण बन गया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई और लगातार आसूचना संकलन कर उसका पीछा किया गया। अंततः 19 जुलाई 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर श्री रतन सिंह आईपीएस के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्यावर श्रीमती अनुकृति उज्जैनिया, वृताधिकारी वृत्त जैतारण एवं थानाधिकारी पुलिस थाना जैतारण के निकटतम सुपरविजन में की गई। पुलिस ने अभियुक्त की पहचान प्रवीण जयपाल उर्फ पप्पू पुत्र स्वर्गीय श्री दुर्गाराम, जाति मेघवाल, उम्र 26 वर्ष, निवासी सिणला हाल निवासी निम्बोल, पुलिस थाना जैतारण, जिला ब्यावर के रूप में की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध प्रकरण संख्या 296/2025 दिनांक 17 जुलाई 2025 में धारा 189(2), 331(6), 115(2), 324(3) एवं 74 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है, जिसमें चार्जशीट संख्या 244 दिनांक 20 दिसंबर 2025 न्यायालय में प्रस्तुत की जा चुकी है। इसके अलावा प्रकरण संख्या 122/2026 में धारा 115(2), 128(2), 331(8), 324(4), 74 एवं 3(5) बीएनएस तथा प्रकरण संख्या 262/2026 दिनांक 19 जून 2026 में धारा 307, 115(2), 126(2), 119(1), 324(4) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामले दर्ज हैं, जिनमें अनुसंधान जारी है।
पुलिस ने यह भी बताया कि अभियुक्त ने 12 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि को गांव मादलिया, पुलिस थाना बोरून्दा, जिला जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है। इस संबंध में पुलिस थाना बोरून्दा, जिला जोधपुर ग्रामीण को सूचना दे दी गई है।
अभियुक्त की गिरफ्तारी में पुलिस थाना जैतारण के थानाधिकारी घोलाराम, चौकी निम्बोल के सउनि मनोहरलाल, कांस्टेबल राकेश विश्नोई (कानि 498) तथा कांस्टेबल अशोक (कानि 417) ने विशेष योगदान दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को फरार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
