रायपुर: कोट किराना में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित
चिकित्सा टीम ने आयुष्मान आरोग्य शिविर में ग्रामीणों की डिजिटल एक्सरे जांच की और टीबी रोग के उपचार एवं पोषण सहायता योजना की विस्तृत जानकारी दी।

रायपुर के कोट किराना गांव में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के दौरान मेडिकल वैन के समीप उपस्थित चिकित्सा विभाग की टीम और स्वास्थ्य लाभ लेने आए स्थानीय ग्रामीण।
रायपुर क्षेत्र के कोट किराना गांव में चल रहे 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सा विभाग की टीम ने ग्रामीणों को टीबी रोग के प्रति जागरूक करते हुए जांच, उपचार और बचाव संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की। अभियान के दौरान मेडिकल वैन के माध्यम से एक्सरे जांच कर संभावित मरीजों की पहचान भी की गई।
कार्यक्रम ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी रायपुर डॉ. मोनिका नेहरा के निर्देशन में आयोजित हुआ। शिविर में कैम्प प्रभारी डॉ. दीपेश कुमार, वरिष्ठ टीबी पर्यवेक्षक राम चन्द्र पटेल, नर्सिंग ऑफिसर राजेन्द्र सिंह, हिम्मत सिंह चौहान, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता कमलेश गुर्जर, सरोज कुमारी, आशा सहयोगिनी तुलसी देवी, हगामी चौहान, बसन्ती चौहान, गीता, धापू देवी, लैब टेक्नीशियन माया बाई मीणा, रेडियोग्राफर विनोद चौधरी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
सीएमएचओ कार्यालय ब्यावर से पहुंची मेडिकल वैन में स्थापित एक्सरे मशीन के माध्यम से ग्रामीणों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना जैसे टीबी के प्रमुख लक्षणों के बारे में जानकारी दी गई तथा लोगों को समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया। चिकित्सा टीम ने संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए चिन्हित किया।
चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा टीबी मरीजों को निःशुल्क जांच, दवा और पोषण सहायता के तहत डीबीटी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अंतर्गत मरीजों के बैंक खातों में सीधे राशि हस्तांतरित की जाती है ताकि उन्हें बेहतर पोषण मिल सके और उपचार प्रभावी तरीके से जारी रहे।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य टीम ने गांव में घर-घर जाकर जागरूकता अभियान भी चलाया। ग्रामीणों को बताया गया कि टीबी पूरी तरह ठीक होने वाली बीमारी है, बशर्ते मरीज समय पर उपचार शुरू करे और नियमित रूप से दवा का सेवन करे।
शिविर में युधिष्ठिर सिंह, सुरेन्द्र सिंह, भेरू लाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाना और आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
