रायपुर। केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत रायपुर क्षेत्र के रेल मंगरा गांव में एक विशाल आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। चिकित्सा विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को क्षय रोग (टीबी) के प्रति सजग करना, संभावित रोगियों की पहचान करना और उपचार की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीकमएचओ) रायपुर, डॉक्टर मोनिका नेहरा के कुशल निर्देशन में किया गया, जिसमें चिकित्सा टीम ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए ग्रामीणों को रोग के लक्षण, बचाव और उपचार की विस्तृत तकनीकी जानकारी प्रदान की।

शिविर के दौरान चिकित्सा सेवाओं को धरातल पर उतारने के लिए सीएमएचओ कार्यालय ब्यावर से विशेष मेडिकल वैन मंगवाई गई, जिसमें अत्याधुनिक एक्सरे मशीन के माध्यम से ग्रामीणों की ऑन-स्पॉट टीबी स्क्रीनिंग की गई। शिविर प्रभारी डॉक्टर नरेश कुमार कुमावत, वरिष्ठ टीबी पर्यवेक्षक रामचंद्र पटेल और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी हिना ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार खांसी, बुखार या वजन में गिरावट महसूस हो, तो उसे तत्काल जांच करानी चाहिए। स्वास्थ्य दल में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता कैलाशी परिहार व निरमा तंवर, आशा सहयोगिनी कोमल कंवर व नंदिनी, रेडियोग्राफर विनोद चौधरी तथा स्वास्थ्यकर्मी राजेंद्र ने अपनी सेवाएं देते हुए संभावित मरीजों को अग्रिम जांच एवं उपचार हेतु चिन्हित किया।

सरकारी प्रावधानों और नीतिगत लाभों पर प्रकाश डालते हुए चिकित्सा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि टीबी मरीजों के लिए सरकार द्वारा निःशुल्क जांच और दवाओं के साथ-साथ 'निक्षय पोषण योजना' के तहत प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के माध्यम से सीधे बैंक खातों में पोषण सहायता राशि भेजी जा रही है। जागरूकता के इस क्रम में टीम ने न केवल शिविर स्थल बल्कि घर-घर जाकर भी दस्तक दी, ताकि यह संदेश प्रसारित किया जा सके कि नियमित दवा के सेवन से टीबी पूर्णतः साध्य है। इस स्वास्थ्य महाकुंभ में सरपंच प्रशासक कालू राम, समाज सेवक राजू राम, उमा राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित हुआ है, जिससे आमजन में स्वास्थ्य के प्रति चेतना का संचार हुआ है।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story