रायपुर (पाली): सड़क हादसों में लगातार हो रही चिंताजनक बढ़ोतरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रायपुर थाना पुलिस ने एक व्यापक और प्रभावी पहल करते हुए विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का शंखनाद किया है। इस अभियान के अंतर्गत दुपहिया, तिपहिया एवं अन्य धीमी गति से चलने वाले वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टिव स्टीकर चस्पा किए जा रहे हैं, ताकि रात के गहन अंधकार में भी ये वाहन दूर से स्पष्ट दृष्टिगोचर हो सकें और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।

पुलिस की टीमों द्वारा रायपुर बस स्टैंड परिसर और लिलांबा टोल टैक्स के साथ-साथ मुख्य बाजार क्षेत्र में भी सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान वहां से गुजरने वाले बिना रिफ्लेक्टर वाले वाहनों को रोककर मौके पर ही रेडियम टेप लगाए गए। विशेषकर भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में पुलिस की इस सुरक्षात्मक पहल को लेकर स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों में भारी उत्साह देखा गया। इस मुहिम में मोटरसाइकिल, ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा और ट्रैक्टर चालकों को प्राथमिकता दी गई, क्योंकि अक्सर कम रोशनी या तकनीकी अभाव के कारण ये वाहन रात में नजर नहीं आते और भीषण हादसों का शिकार हो जाते हैं।

पुलिस अधिकारियों ने तकनीकी पक्ष स्पष्ट करते हुए बताया कि कोहरे, धुंध अथवा रात के अंधेरे में सड़क किनारे खड़े या धीमी गति से चल रहे वाहनों को पीछे से आने वाले चालक समय रहते देख नहीं पाते। ऐसी विषम परिस्थितियों में तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर अचानक टकरा जाते हैं, जिससे जान-माल की गंभीर क्षति होती है। रेडियम रिफ्लेक्टर की विशेषता यह है कि जैसे ही पीछे से आने वाले किसी वाहन की हेडलाइट इन पर पड़ती है, ये तत्काल चमक उठते हैं, जिससे आगे चल रहे वाहन की स्थिति दूर से ही स्पष्ट हो जाती है।

अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने न केवल भौतिक रूप से रिफ्लेक्टर लगाए, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के अक्षरशः पालन, अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, ओवरलोडिंग से बचने और निर्धारित गति सीमा में ही वाहन संचालित करने की सख्त हिदायत भी दी। कई प्रमुख स्थलों पर चालकों को समझाइश देते हुए जागरूक किया गया कि सड़क पर बरती गई एक छोटी सी लापरवाही भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है।

प्रशिक्षु आरपीएस एवं रायपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह संपूर्ण कवायद जनहित और सुरक्षा को सर्वोपरि रखकर क्रियान्वित की जा रही है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड, टोल टैक्स और मुख्य बाजार जैसे उच्च आवाजाही वाले क्षेत्रों को सुरक्षा की दृष्टि से प्राथमिकता दी गई है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा ताकि अधिक से अधिक वाहनों को सुरक्षित श्रेणी में लाया जा सके। उन्होंने आमजन से पुरजोर अपील की है कि वे स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर अवश्य लगवाएं। रायपुर पुलिस की इस संवदेनशील पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है, जिससे सड़क सुरक्षा के प्रति जनता में एक सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ है।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story