रायपुर में सूने मकान में बड़ी चोरी, 15 तोला सोना और 500 ग्राम चांदी ले गए चोर
रायपुर में सूने किराए के मकान का ताला तोड़कर चोर 15 तोला सोना, 500 ग्राम चांदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए।

तस्वीर में रायपुर के सूने मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद संदिग्ध नजर आ रहा है।
रायपुर में हनुमान जी मंदिर से दीपावास जाने वाली रोड पर स्थित एक किराए के मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर मकान का ताला तोड़कर करीब 15 तोला सोने और 500 ग्राम चांदी के आभूषण समेत घरेलू सामान और जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए। चोरी की पूरी वारदात मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मकान में रहने वाली अध्यापिका निशा मीणा करीब एक माह से अवकाश पर थीं। रविवार को मकान के ताले टूटे होने की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचीं। यहां मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और मकान के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
जांच करने पर अलमारी में रखे दो सोने के हार, दो मंगलसूत्र, सोने के टॉप्स, पायल और दो अंगूठियां सहित करीब 15 तोला सोने के आभूषण गायब मिले। इसके अलावा 500 ग्राम चांदी के आभूषण भी चोरी हो गए। चोर एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गए।
अध्यापिका निशा मीणा की रिपोर्ट पर रायपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है। सूने मकान में हुई इस चोरी के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
