रायपुर। रायपुर क्षेत्र के बिराटिया खुर्द गांव में '100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान' के अंतर्गत एक विशाल आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सा टीम ने मुस्तैदी से अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. संजय गहलोत ने स्वयं शिविर स्थल का निरीक्षण किया और वहां तैनात मोबाइल मेडिकल वैन की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए चिकित्सा टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनिका नेहरा के कुशल निर्देशन में आयोजित इस शिविर का प्राथमिक उद्देश्य क्षेत्र को पूर्णतः टीबी मुक्त बनाना और आमजन में स्वास्थ्य के प्रति चेतना जागृत करना रहा।

शिविर के दौरान चिकित्सा विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को क्षय रोग (टीबी) के लक्षणों, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जागरूक किया। कैम्प प्रभारी डॉ. नरेशकुमार कुमावत और शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल बारिया के नेतृत्व में टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। सीएमएचओ कार्यालय ब्यावर से आई मोबाइल मेडिकल वैन में उपलब्ध अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन के माध्यम से ग्रामीणों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को आगाह किया कि लगातार खांसी, बुखार और वजन कम होने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और तुरंत जांच करवाएं। स्क्रीनिंग के दौरान संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें अग्रिम उपचार हेतु चिन्हित किया गया। चिकित्सा अधिकारियों ने सरकार द्वारा टीबी रोगियों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मरीजों को निःशुल्क जांच और दवाओं के साथ-साथ पोषण सहायता योजना (डीबीटी) के तहत सीधे बैंक खाते में आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

इस स्वास्थ्य अभियान में ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर रामचन्द्र पटेल, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी निर्मल गहलोत, निर्मला, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता नर्मदा साहू, लैब टेक्नीशियन कमलेश जोशी, आशा सहयोगिनी गंगा मेवाड़ा, पूजा, हरलेखा, साथिन अनीता कंवर, रेडियोग्राफर जय वर्धन सिंह चौहान, विनोद चौधरी और राजेंद्र सहित समस्त स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी सेवाएं दीं। टीम ने न केवल शिविर में बल्कि घर-घर जाकर भी जागरूकता फैलाई और ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि नियमित दवा सेवन से टीबी पूरी तरह साध्य है। कार्यक्रम में सरपंच प्रशासक देवा काठात, ग्राम विकास अधिकारी मनोज राव और दिनेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। यह शिविर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता और टीबी उन्मूलन की दिशा में एक निर्णायक कदम सिद्ध हुआ है।




Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story