रायपुर के बाबरा गांव में सेफ्टी टैंक से निकले पांच जहरीले सांप
ब्यावर वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम ने छह घंटे के अभियान में कोबरा और रैट स्नेक को सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल में छोड़ा।

ब्यावर वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के सदस्य सुरेंद्र सिंह रायपुर के बाबरा गांव में सेफ्टी टैंक से पकड़े गए सांप के साथ।
रायपुर उपखंड क्षेत्र के बाबरा गांव में उस समय दहशत का माहौल व्याप्त हो गया जब न्यू कॉलोनी स्थित एक घर के पुराने सेफ्टी टैंक से एक साथ पांच सांपों के निकलने से हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक वर्ष पूर्व इसी घर में कॉमन करैत सांप के काटने से 4 वर्षीय मासूम हरीश पंवार की दर्दनाक मौत हो गई थी और उसकी मां शारदा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। पुराने हादसे की यादें ताजा होने से परिवार और ग्रामीणों में भारी भय व्याप्त है।
घटनाक्रम के अनुसार, ग्रामीणों ने घर के बाहर दो बड़े सांपों को आपस में लिपटा हुआ देखा, जो बाद में पास ही बने एक पुराने खंडहरनुमा सेफ्टी टैंक में जा घुसे। स्थिति को भांपते हुए ग्रामीणों ने तत्काल ब्यावर वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को सूचित किया। सूचना मिलते ही रेस्क्यू सदस्य सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टैंक के काफी गहरा और पुराना होने के कारण सांपों को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। मौके पर जेसीबी की अनुपलब्धता के कारण टीम को भारी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद टैंकरों की मदद से टैंक में पानी भरवाया गया।
करीब छह घंटे तक चले इस सघन रेस्क्यू अभियान के दौरान टैंक से दो जहरीले कोबरा और तीन इंडियन रैट स्नेक सहित कुल पांच सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू टीम ने सभी सांपों को सावधानीपूर्वक पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। अभियान के दौरान जयवीर सिंह शेखावत, रणजीत सिंह शेखावत, आलोक सिंह जोधा, कालूसिंह एवं राजूसिंह पंवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और टीम का सहयोग किया।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। रेस्क्यू सदस्य सुरेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को सतर्क करते हुए अपील की कि पुराने सेफ्टी टैंक, खंडहरनुमा स्थानों और लंबे समय से बंद पड़े परिसरों की नियमित सफाई सुनिश्चित करें ताकि ये स्थान जहरीले जीवों का सुरक्षित बसेरा न बन सकें। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि सांप दिखाई देने पर उन्हें स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचित करें।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
