राष्ट्रीय राजमार्ग-458 पर कुशालपुरा के समीप करमावास मालियान चौराहे पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि उसके दादा और छोटा भाई घायल हो गए। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे तथा सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर हाईवे पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो देर रात तक जारी रहा। प्रशासन की समझाइश और आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ तथा यातायात दोबारा सुचारु कराया गया।

पुलिस के अनुसार, कुशालपुरा के बेरा धतुरिया निवासी चोलाराम (65) पुत्र पाबूराम बावरी रविवार की छुट्टी होने के कारण अपने दोनों पोतों नरेश (8) पुत्र मोतीलाल बावरी और वियान (5) को बाइक से कुशालपुरा बाल कटवाने ले गए थे। बाल कटवाकर घर लौटते समय करमावास मालियान चौराहे पर सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चोलाराम और वियान गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद दोनों घायलों को जैतारण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चोलाराम को जोधपुर रेफर कर दिया गया। वहीं, मासूम नरेश के शव का पोस्टमार्टम कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण शव को लेकर घटनास्थल पहुंचे तथा परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-458 पर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही तहसीलदार नरेन्द्र बापेडिया, थानाधिकारी धोलाराम परिहार सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। देर रात प्रशासन के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ और राष्ट्रीय राजमार्ग-458 पर यातायात पुनः बहाल कर दिया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और बाइक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मुआवजे और सड़क सुरक्षा को लेकर उठी मांगों के बीच प्रशासन के आश्वासन के बाद ही स्थिति सामान्य हो सकी।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story