नगर निकाय-पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियों की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त चेतावनी
ब्यावर में नगर निकाय एवं पंचायत आम चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने लापरवाही पर सख्त चेतावनी दी।

तस्वीर में कलेक्ट्रेट सभागार ब्यावर में जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना की अध्यक्षता में आयोजित निर्वाचन कार्यों की समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारी।
आगामी नगर निकाय एवं पंचायत आम चुनाव-2026 को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन कार्यों के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनावी तैयारियों और प्रकोष्ठों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन से जुड़े कार्य समयबद्ध और पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने कहा कि आगामी नगर निकाय एवं पंचायत आम चुनाव की मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराना सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रकोष्ठ प्रभारी निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध एवं गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन, मतदाता सूची, मतदान केन्द्र, कानून व्यवस्था, अनुमति प्रकोष्ठ, निर्वाचन व्यय मॉनिटरिंग सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारियों से उनके प्रकोष्ठों की तैयारियों एवं प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मलाल जाट से भी निर्वाचन संबंधी कार्यों के सुचारू संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण, आदर्श आचार संहिता, शिकायत प्रकोष्ठ, स्वीप तथा मतदान दल गठन से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा से संबंधित प्रकोष्ठों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर विशेष जोर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वीप गतिविधियों को प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए नवाचार एवं स्थानीय स्तर पर प्रभावी गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि अधिकाधिक मतदाता मतदान के लिए प्रेरित हों और मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो।
बैठक में डाकमत पत्र मुद्रण, ईवीएम वितरण, निर्वाचन सामग्री के स्टोर एवं वितरण, पहचान पत्र, ईडीसी एवं डाकमत पत्र, रूट चार्ट, वाहन व्यवस्था तथा अल्पाहार एवं भोजन व्यवस्था से संबंधित प्रकोष्ठों की भी समीक्षा की गई।
इसी प्रकार एमसीएमसी, सांख्यिकीय एवं कार्ययोजना, पर्यवेक्षक, वीडियोग्राफी तथा एकीकृत निर्वाचन नियंत्रण कक्ष प्रकोष्ठों के प्रभारियों से कार्यों की प्रगति एवं तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। आगामी नगर निकाय एवं पंचायत आम चुनाव-2026 को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए विभिन्न प्रकोष्ठों की तैयारियों और उनके समन्वित संचालन को बैठक में प्राथमिकता दी गई।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
