राज्य सरकार के स्वायत्त शासन विभाग द्वारा संचालित सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत नगर पालिका रायपुर में शहरी सेवा शिविर-2026 का शुभारंभ हो गया है। 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक चलने वाले इन शिविरों के माध्यम से नगर क्षेत्र के नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। नगर पालिका प्रशासन का दावा है कि इस पहल से आमजन की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तेज होगी और नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

नगर पालिका कार्यालय परिसर में आयोजित इन शिविरों को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिशासी अधिकारी विपिन देवल ने बताया कि शिविरों का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आमजन के लिए सरल, सुलभ और प्रभावी बनाना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं, ताकि प्राप्त होने वाले प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि शिविरों में नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मामलों के साथ-साथ भूमि संबंधी प्रकरणों का भी प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। सफाई व्यवस्था, आवारा पशुओं की समस्या, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों का संचालन, सड़क मरम्मत, पार्क एवं सामुदायिक भवनों के रखरखाव, जनकल्याणकारी योजनाओं में आवेदन एवं स्वीकृति, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र जारी करने सहित अनेक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके अलावा ट्रेड लाइसेंस, डेयरी बूथ अनुज्ञा पत्र, पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण, प्रमुख चौराहों एवं डिवाइडरों का सौंदर्यीकरण, मोबाइल टावर एवं ओएफसी अनुमति, सीवर कनेक्शन, साइनेज लाइसेंस, प्रॉपर्टी आईडी तथा फायर एनओसी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का भी निस्तारण शिविरों में किया जाएगा।

भूमि संबंधी मामलों को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। शिविरों में भू-स्वामित्व, नामांतरण, भू-उपयोग परिवर्तन, पट्टा जारी करने, भूखंड आवंटन, भवन निर्माण स्वीकृति तथा नियमितीकरण जैसे प्रकरणों की सुनवाई एवं निस्तारण किया जाएगा। प्रशासन ने ऐसे मामलों से जुड़े नागरिकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का आग्रह किया है।

नगर पालिका प्रशासन द्वारा वार्डवार कार्यक्रम निर्धारित किया गया है, जिसके अनुसार 12 जून से 15 जुलाई तक विभिन्न वार्डों में चरणबद्ध तरीके से शिविर आयोजित होंगे। अंतिम चरण में लंबित एवं फॉलोअप प्रकरणों के निस्तारण के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जिससे कोई भी मामला अधूरा न रह जाए।

अधिशासी अधिकारी विपिन देवल ने नगर क्षेत्र के नागरिकों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिविरों में पहुंचकर अधिकाधिक भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल शिकायतों के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने का एक व्यापक प्रयास है। “स्वच्छ रायपुर, स्वस्थ रायपुर” के संकल्प के साथ शुरू हुए इस अभियान से बड़ी संख्या में नागरिकों के लाभान्वित होने तथा शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story