मनरेगा घोटाला: जैतारण में मृत महिला के नाम पर मस्टररोल में हाजिरी, उठाया भुगतान
लांबिया ग्राम पंचायत में सुकड़ी देवी की मौत के बाद भी अक्टूबर-नवंबर 2025 में उपस्थिति दर्ज कर 9,921 रुपये हड़पने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश।

जैतारण तहसील की लांबिया ग्राम पंचायत में मृत महिला सुकड़ी देवी के नाम पर मनरेगा योजना के तहत फर्जी उपस्थिति दर्ज कर राशि भुगतान किए जाने का दस्तावेजी प्रमाण।
जैतारण तहसील की लांबिया ग्राम पंचायत में मनरेगा योजना के अंतर्गत बड़े फर्जीवाड़े का गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें मृत महिला के नाम पर मस्टररोल में उपस्थिति दर्ज कर सरकारी राशि के भुगतान का आरोप लगाया गया है। मामले के उजागर होने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार सुकड़ी पत्नी शिवकरण का निधन 25 जून 2025 को हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद अक्टूबर और नवंबर 2025 के दौरान मनरेगा मस्टररोल में उनके नाम से उपस्थिति दर्ज दिखाई गई। आरोप है कि मृत महिला के नाम पर लगभग 9,921 रुपये की मजदूरी राशि भी खाते में जमा कर दी गई।
ग्रामीणों ने इस प्रकरण को सरकारी योजनाओं में खुले भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए जिम्मेदार कार्मिकों और अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि बिना उचित जांच-पड़ताल के भुगतान जारी होना गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार को दर्शाता है।
इसी प्रकार इससे पहले भी सत्यनारायण शर्मा नामक मृतक के नाम पर मनरेगा भुगतान उठाने का मामला सामने आ चुका है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है।
ग्रामीणों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
