रायपुर-पाली II कृषि विज्ञान केंद्र में 15 दिवसीय उर्वरक विक्रय प्रशिक्षण शुरू, 35 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
रायपुर-पाली II स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में 15 दिवसीय खाद एवं उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण में 35 प्रतिभागी शामिल हुए, जिन्हें उर्वरक नियंत्रण आदेश, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और वैज्ञानिक उर्वरक उपयोग सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ प्रशिक्षण दिया जाएगा।

तस्वीर में रायपुर-पाली II के कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित 15 दिवसीय खाद एवं उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अतिथि प्रतिभागी को सम्मानित करते हुए नजर आ रहे हैं।
रायपुर (पाली), 4 अगस्त। कृषि विज्ञान केंद्र, रायपुर-पाली II में मंगलवार को 15 दिवसीय खाद एवं उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच का उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक, कृषि विभाग, ब्यावर श्री दिनेश झा ने किया, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री के. पी. सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह चांदावत ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि उर्वरक विक्रेताओं को वैज्ञानिक एवं विधिक जानकारी से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित विक्रेता किसानों को संतुलित पोषण प्रबंधन तथा गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों के उपयोग के प्रति जागरूक कर कृषि उत्पादन बढ़ाने और मृदा स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्य अतिथि श्री दिनेश झा ने अपने संबोधन में कहा कि उर्वरकों का संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग ही टिकाऊ कृषि की आधारशिला है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आग्रह किया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को प्रभावी ढंग से किसानों तक पहुंचाएं, ताकि कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक सोच और संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा मिल सके।
विशिष्ट अतिथि श्री के. पी. सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कृषि क्षेत्र में दक्ष एवं उत्तरदायी उर्वरक विक्रेताओं के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की सह-प्रभारी डॉ. कल्पना चौधरी ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि आगामी 15 दिनों के दौरान प्रतिभागियों को उर्वरक नियंत्रण आदेश, उर्वरकों का वैज्ञानिक उपयोग, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, पोषक तत्व प्रबंधन, उर्वरकों का भंडारण, गुणवत्ता नियंत्रण तथा संबंधित विधिक प्रावधानों सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में केंद्र के विशेषज्ञ श्री नितेश शर्मा, लैब टेक्नीशियन श्री बाबू राम तथा कार्यक्रम सहायक श्री विकास चौधरी सहित केंद्र के अन्य कार्मिक भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के प्रथम बैच में 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया और प्रशिक्षण के प्रति उत्साह व्यक्त किया।
कृषि विज्ञान केंद्र रायपुर-पाली II द्वारा संचालित एवं समन्वित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कृषि आदानों के वैज्ञानिक, सुरक्षित एवं संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने तथा किसानों को बेहतर तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
