जैतारण में राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने 11 करोड़ के 90 विकास कार्यों का लोकार्पण किया
सामाजिक न्याय मंत्री अविनाश गहलोत ने 10 करोड़ रुपये के राजकीय विद्यालय की घोषणा की; बीसलपुर परियोजना से जैतारण को जोड़ने का कार्य भी जारी।

जैतारण नगर पालिका में 11 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह में मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों का माल्यार्पण कर स्वागत करते कार्यकर्ता।
ब्यावर जिले के जैतारण नगर पालिका क्षेत्र में विकास की नई सौगात के तहत बुधवार को लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए करीब 90 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर सिक्किम के महामहिम राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान करने की बात कही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब प्रत्यक्ष रूप से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने जनधन खातों और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे शासन प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत हुई है तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सुनिश्चित हुआ है।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जानकारी दी कि जैतारण एवं रायपुर को बीसलपुर परियोजना से जोड़ने का कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र में जल आपूर्ति और आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि सड़क सहित विभिन्न विकास कार्यों से क्षेत्र का व्यापक विस्तार हुआ है। मंत्री गहलोत ने जैतारण में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त राजकीय विद्यालय के निर्माण की घोषणा भी की।
स्वायत्त शासन, नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विज्ञान, प्रौद्योगिकी और उन्नत विनिर्माण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर निर्माण सहित आधुनिक औद्योगिक क्षेत्रों में वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में हुए विकास कार्य जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री राजेन्द्र गहलोत, पूर्व सांसद श्री पुष्प जैन, जिला कलक्टर श्री कमल राम मीना, जिला पुलिस अधीक्षक श्री रतन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में हुए विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ जैतारण क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने और भविष्य में विकास की गति और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
