जैतारण क्षेत्र में बढ़ती गर्मी और गहराते पेयजल संकट को लेकर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने सख्त रुख अपनाते हुए PHED विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में उन्होंने पेयजल आपूर्ति को सुचारू एवं नियमित बनाए रखने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी किए।

बैठक के दौरान मंत्री गहलोत ने गर्मी के मौसम की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कंटीजेंसी प्लान लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि अगले दो-तीन दिनों के भीतर नौ नए ट्यूबवेल के बिजली कनेक्शन सुनिश्चित कर उन्हें चालू किया जाए, ताकि क्षेत्र में जल संकट से त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई पर सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि आमजन को किसी भी स्थिति में परेशानी नहीं होनी चाहिए।

मंत्री ने पेयजल लाइनों में हो रही लीकेज की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय पर मरम्मत कार्य सुनिश्चित किया जाए, जिससे पानी की बर्बादी रोकी जा सके और लोगों को पर्याप्त जल उपलब्ध हो। उन्होंने विभागीय जिम्मेदारी को स्पष्ट करते हुए कहा कि पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था पूरी जवाबदेही के साथ संचालित की जाए।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजमेर रामचन्द्र राहड़, एक्सईएन अजय कुमार मीणा, एईएन प्रदीप बेरवाल, एईएन नाथूराम सीरवी सहित जेईएन एवं अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। यह बैठक जैतारण क्षेत्र में पेयजल संकट के समाधान और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story