भारत में शुरू हुआ बाल विवाह मुक्त अभियान अब वैश्विक स्तर पर पहचान बना चुका है। इसी क्रम में 27 नवंबर 2026 को पहली बार पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस मनाया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 4 सितंबर 2026 को 27 नवंबर को इस अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में घोषित किया था। बाल विवाह के विरुद्ध भारत से शुरू हुई पहल को वैश्विक स्तर पर मिली यह मान्यता देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 27 नवंबर 2024 को बाल विवाह मुक्त भारत राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान का उद्देश्य सरकार, प्रशासन, पंचायतों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए देश को बाल विवाह मुक्त बनाना है।

इस अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर 27 नवंबर को ब्यावर जिले में जिला कलेक्टर कमल राम मीणा के नेतृत्व में अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, बाल संरक्षण से जुड़े विभागों, सामाजिक संगठनों और अन्य हितधारकों की भागीदारी रहेगी। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय दिवस के पोस्टर का विमोचन किया जाएगा। प्रतीकात्मक रूप से गुब्बारे उड़ाकर दिवस की आधिकारिक शुरुआत होगी तथा उपस्थित लोगों को बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी।

वहीं, दिशा आर.सी.डी. समाज सेवी संस्था की ओर से जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन परियोजना के अंतर्गत भी अंतरराष्ट्रीय दिवस पर विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत गोहाना में मशाल रैली और शपथ कार्यक्रम होगा। इसमें महिला नेतृत्वकर्ता, बाल विवाह से प्रभावित एवं उत्तरजीवी, पंचायत प्रतिनिधि तथा अन्य हितधारक शामिल होंगे। रैली के माध्यम से समाज को बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होने के साथ प्रत्येक बच्चे के अधिकारों, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की रक्षा का संदेश दिया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय दिवस के आयोजन से पहले भी दिशा आर.सी.डी. समाज सेवी संस्था की ओर से केसारपुरा, ब्यावर शहर और सेंदड़ा में शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समुदाय के लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों की शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों और इस कुप्रथा को रोकने में समाज की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया।

भारत में 27 नवंबर 2024 को शुरू हुए बाल विवाह मुक्त भारत अभियान से लेकर संयुक्त राष्ट्र महासभा की ओर से 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किए जाने तक का यह क्रम बाल विवाह, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के प्रयासों को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। ब्यावर में होने वाले आयोजन और जन-जागरूकता गतिविधियों के जरिए भी इस अभियान में सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story