HPV टीकाकरण अभियान: ब्यावर में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश
जवाजा ब्लॉक में टीकाकरण की गति धीमी मिलने पर सीएमएचओ ने समीक्षा बैठक कर 20 नवंबर तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

ब्यावर में एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति समीक्षा बैठक लेते सीएमएचओ डॉ. संजय गहलोत।
ब्यावर, 4 नवंबर। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अब अभियान तेज करने की कवायद शुरू कर दी है। जिला कलक्टर कमल राम मीना के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत ने जवाजा ब्लॉक में टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए 20 नवंबर 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए हैं।
जवाजा ब्लॉक में निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले टीकाकरण की उपलब्धि कम पाए जाने पर सीएमएचओ ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिला मुख्यालय पर सेक्टर प्रभारियों एवं सेक्टर एएनएम की समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में सेक्टरवार टीकाकरण की प्रगति, लक्ष्य से पिछड़ने के कारणों और निर्धारित समय-सीमा में शेष लक्ष्य पूरा करने के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पात्र बालिकाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।
डॉ. गहलोत ने सभी कार्मिकों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पात्र बालिकाओं की पहचान करने और उनके अभिभावकों से सीधा संपर्क स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व की जानकारी देकर पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। किशोरियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव की दिशा में एचपीवी टीकाकरण एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे में सभी कार्मिक अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी और टीम भावना के साथ कार्य करें।
सीएमएचओ डॉ. गहलोत ने कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए स्पष्ट किया कि एचपीवी टीकाकरण केवल निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का अभियान नहीं, बल्कि बेटियों को सुरक्षित भविष्य देने की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव या लापरवाही के कारण कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित नहीं रहनी चाहिए। विभागीय कार्मिकों को प्रत्येक पात्र बालिका तक पहुंचकर उसका टीकाकरण सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने अभियान को जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए 20 नवंबर 2026 तक शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने का आह्वान किया।
बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान पेंटा-1 एवं एमआर-1 तथा एमआर-1 एवं एमआर-2 वैक्सीन के मध्य शेष डिफरेंस को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए टीकाकरण से वंचित बच्चों की सूची तैयार करने, क्षेत्रवार मॉनिटरिंग करने और विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित कर शेष लाभार्थियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में आरसीएचओ डॉ. उदाराम, बीसीएमओ जवाजा डॉ. अनुज गोदोलिया, डीएनओ गौरव गौड़ एवं एलडीसी कैलाश चंद उपस्थित रहे। विभाग का जोर अब पात्र बालिकाओं तक प्रभावी पहुंच बनाकर निर्धारित समय-सीमा में एचपीवी टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के साथ नियमित टीकाकरण की शेष उपलब्धियां पूरी करने पर है।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
