हरीपुर रेलवे स्टेशन पर अजमेर-मैसूरु एक्सप्रेस के ठहराव को मिली मंजूरी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद पी.पी. चौधरी को पत्र लिखकर दी जानकारी, क्षेत्रवासियों के पोस्टकार्ड अभियान और जनआंदोलन को मिली सफलता।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा सांसद पी.पी. चौधरी को भेजा गया आधिकारिक पत्र, जिसमें हरीपुर स्टेशन पर ट्रेन संख्या 16209/16210 के ठहराव की पुष्टि की गई है।
लंबे समय से हरीपुर रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी और निर्णायक सफलता सामने आई है। रेलवे मंत्रालय ने हरीपुर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 16209/16210 अजमेर–मैसूरु एक्सप्रेस के ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद पी. पी. चौधरी को पत्र भेजकर औपचारिक रूप से जानकारी दी।
इस उपलब्धि के पीछे रायपुर क्षेत्र के ग्रामीणों की संगठित पहल और व्यापक जनआंदोलन की अहम भूमिका रही है। हरीपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन ठहराव की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को हजारों पोस्टकार्ड भेजकर अपनी मांग दर्ज कराई थी। इस अभियान में क्षेत्र के युवाओं, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन ने सक्रिय भागीदारी निभाई और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचाई।
ग्रामीणों द्वारा चलाया गया पोस्टकार्ड अभियान पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। गांव-गांव जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया तथा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन ठहराव की आवश्यकता को लगातार प्रमुखता से उठाया गया। निरंतर जनदबाव और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के परिणामस्वरूप रेलवे मंत्रालय ने अंततः हरीपुर रेलवे स्टेशन पर अजमेर–मैसूरु एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी प्रदान कर दी।
इस निर्णय पर सोजत विधायक शोभा चौहान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र की जनता की एकता और संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यह मांग उठाई जा रही थी और अब रेलवे मंत्रालय ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है। विधायक ने सांसद पी. पी. चौधरी के प्रयासों की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि इस ठहराव से हरीपुर, रायपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों एवं मरीजों के लिए लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी। साथ ही रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने से स्थानीय व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
ठहराव की स्वीकृति की सूचना मिलते ही क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसे जनशक्ति और लोकतांत्रिक प्रयासों की बड़ी जीत बताते हुए केंद्र सरकार, रेल मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह निर्णय क्षेत्रीय विकास और जनसुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
