ग्रामीण सेवा शिविर-2026: गुरुवार को जिले की 10 ग्राम पंचायतों में पहुंचेगा प्रशासन, योजनाओं का लाभ और समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
ब्यावर जिले में 25 जून को 10 ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित होंगे। शिविरों में सरकारी योजनाओं का लाभ, विभागीय सेवाएं और आमजन की समस्याओं का मौके पर त्वरित समाधान किया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 25 जून को जिले की 10 ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं, योजनाओं और विभागीय सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। गुरुवार को आयोजित होने वाले शिविरों का समय प्रातः 9:30 बजे से सायं 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जिला कलक्टर कमल राम मीना ने बताया कि उपखण्ड ब्यावर की लगेतखेड़ा एवं बिलियावास ग्राम पंचायत, रायपुर की झुण्ठा एवं सबलपुरा ग्राम पंचायत, जैतारण की रामावास कलां एवं बिरोल ग्राम पंचायत, मसूदा की कानाखेड़ा एवं श्यामगढ़ ग्राम पंचायत, बदनोर की चतरपुरा तथा टॉडगढ़ की आसन ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी और फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ आवेदन प्राप्त किए जाएंगे तथा विभागीय सेवाएं भी मौके पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त शिविरों में प्राप्त परिवेदनाओं और समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिला प्रशासन ने ग्रामीण नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटवर्ती ग्रामीण सेवा शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिविरों का अधिकतम उपयोग करें। प्रशासन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में जनसेवाओं की पहुंच को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
