राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलेभर में “ग्रामीण सेवा शिविर-2026” का आयोजन किया जा रहा है। 12 जून से प्रारंभ होकर 15 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर एक दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा।

जिला कलक्टर कमल राम मीना ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, जो ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी मौके पर ही पूरी करेंगे।

शिविरों के दौरान विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा आमजन द्वारा प्रस्तुत परिवेदनाओं एवं समस्याओं का यथासंभव तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की पहुंच मजबूत होगी और लोगों को विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी।

आगामी सप्ताह के दौरान जिले के विभिन्न उपखंडों की ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। 22 जून को ब्यावर उपखंड की लसाड़िया, रायपुर की रामपुराकला एवं कुशालपुरा, जैतारण की कुड़की एवं भूम्बलिया, मसूदा की देवपुरा एवं शिखरानी तथा बदनोर की गारियाखेड़ा ग्राम पंचायत में शिविर लगाए जाएंगे।

23 जून को ब्यावर की बोरवा, रायपुर की रातड़िया एवं नानणा, जैतारण की मोहराई एवं सांगावास, मसूदा की उत्तमी एवं लूलवा, बदनोर की गिरधरपुरा तथा टॉडगढ़ की बराखन ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित होंगे।

24 जून को ब्यावर की बार एवं शेखावास, रायपुर की सेंदड़ा एवं काणुजा, जैतारण की पिपलिया खुर्द एवं निम्बोल, मसूदा की नयागांव एवं देवास तथा बदनोर की पाटन ग्राम पंचायत में आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

इसी क्रम में 25 जून को ब्यावर की लगेतखेड़ा एवं बिलियावास, रायपुर की झुण्ठा एवं सबलपुरा, जैतारण की रामावास कलां एवं बिरोल, मसूदा की कानाखेड़ा एवं श्यामगढ़, बदनोर की चतरपुरा तथा टॉडगढ़ की आसन ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित शिविरों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करें तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस अवसर का अधिकतम उपयोग करें। यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन, जनसुनवाई और योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story