जिले में ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ: विधायक और कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी
विधायक शंकर सिंह रावत और जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने कलेक्ट्रेट से रथों को रवाना किया, 15 दिनों तक ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की दी जाएगी जानकारी।

ब्यावर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री शंकर सिंह रावत और जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए।
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिले में ग्राम रथ अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री शंकर सिंह रावत ने जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना के साथ ग्राम विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री शंकर सिंह रावत ने कहा कि ग्राम रथ अभियान सरकार की योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं खुलकर रखें, ताकि उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करना इस पहल का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव जाकर आमजन से संवाद स्थापित करें और संवेदनशीलता के साथ समस्याओं का समाधान करें।
अभियान के तहत आगामी 15 दिनों तक जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में ग्राम रथों का भ्रमण किया जाएगा। इन रथों के माध्यम से 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। रथों के साथ कला जत्थों के कलाकार भी रहेंगे, जो जागरूकता कार्यक्रमों को रोचक बनाएंगे। एलईडी वैन के जरिए योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा, जबकि रथों की लाइव लोकेशन एवं फोटो-वीडियो विभागीय एप पर अपलोड किए जाएंगे। साथ ही सुझाव पेटियां भी उपलब्ध रहेंगी, जिनमें ग्रामीण अपने सुझाव दर्ज कर सकेंगे।
निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ग्राम पंचायतों में पहुंचकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंगलवार को टाडगढ़, गुजरगम्मा, माथुवाड़ा, गरनिया, बेड कला, पाटवा, देवरिया, चावंडिया, अंधेरी देवरी, पिपलाज, कनाखेड़ा, लहरी, जसवंतपुरा एवं देवपुरा-खरवा में कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं बुधवार को मलतों की बेर, बराखन, सातुखेड़ा, आगेवा, सांगवास, निमाज, फूलमाल, आसरलाई, मोयणा, हरराजपुरा, बस्सी, मानपुरा एवं किराप में कार्यक्रम संपन्न किए जाएंगे।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री ब्रह्मलाल जाट, एसीईओ श्री गोपाल लाल मीणा, तहसीलदार श्री हनुत सिंह रावत, जन संपर्क अधिकारी श्री सतीश सोनी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे। ग्राम रथ अभियान का यह व्यापक प्रयास योजनाओं की पहुंच और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
