राजकीय आईटीआई ब्यावर में सत्र 2026-27 के प्रवेश शुरू, IMC सीटों से कम प्रतिशत वाले विद्यार्थियों को भी मिलेगा मौका
राजकीय आईटीआई ब्यावर में सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। 30 जुलाई 2026 तक आवेदन किए जा सकते हैं। IMC सीटों के माध्यम से कम प्रतिशत वाले विद्यार्थियों को भी अवसर मिलेगा, जबकि बालिकाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध है।

ब्यावर में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग, राजस्थान तथा तकनीकी शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार राज्य के समस्त राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और राजकीय आईटीआई ब्यावर में भी इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।
राजकीय आईटीआई ब्यावर की सहायक निदेशक (प्रशिक्षण) श्रीमती आयुषी चौधरी ने बताया कि 10वीं उत्तीर्ण इच्छुक अभ्यर्थी 30 जुलाई 2026 तक एसएसओ पोर्टल अथवा नजदीकी ई-मित्र केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के तहत 01 अगस्त 2026 को अस्थायी मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 06 अगस्त से 08 अगस्त 2026 तक प्रथम ऑनलाइन सीट आवंटन सूची जारी होगी। प्रथम सूची में चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में संस्थान में उपस्थित होकर मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराते हुए प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। इसके पश्चात 13 अगस्त 2026 को द्वितीय सीट आवंटन सूची जारी की जाएगी।
श्रीमती आयुषी चौधरी ने बताया कि राजकीय आईटीआई ब्यावर में नियमित सीटों के साथ-साथ Institute Management Committee (IMC) सीटों पर भी प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि IMC सीटें विशेष रूप से उन अभ्यर्थियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराती हैं, जिनके अंक मेरिट सूची के कारण नियमित सीटों में प्रवेश प्राप्त करने के लिए पर्याप्त नहीं हो पाते हैं।
उन्होंने बताया कि IMC सीटों के माध्यम से अभ्यर्थी राजकीय आईटीआई ब्यावर में संचालित रोजगारपरक ट्रेडों में प्रवेश लेकर गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। इससे युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
राजकीय आईटीआई ब्यावर में COPA (Computer Operator & Programming Assistant), Electrician, Fitter, Mechanic Diesel तथा Electronics Mechanic ट्रेडों में प्रशिक्षण उपलब्ध है। संस्थान में विद्यार्थियों को आधुनिक कार्यशालाओं, अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन तथा उद्योग आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार योग्य बनाया जाता है।
सहायक निदेशक (प्रशिक्षण) ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बालिकाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से राजकीय आईटीआई में अध्ययनरत सभी बालिकाओं को पूर्णतः निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क ₹175 तथा अन्य सभी वर्गों के लिए ₹200 निर्धारित किया गया है। प्रवेश हेतु अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 01 सितम्बर 2026 को 14 वर्ष होना आवश्यक है।
श्रीमती आयुषी चौधरी ने जिले के समस्त पात्र युवाओं एवं युवतियों से निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर राजकीय आईटीआई ब्यावर में प्रवेश लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी कौशल रोजगार प्राप्ति का महत्वपूर्ण माध्यम है। राजकीय आईटीआई ब्यावर में उपलब्ध आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, अप्रेंटिसशिप के अवसर एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय पर आवेदन करने का आग्रह किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
