जैतारण के ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी चन्द्रवीर को मिलेगा महालनोबिस अवार्ड
आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी चन्द्रवीर को डेटा प्रबंधन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

सांख्यिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी, जैतारण चन्द्रवीर को राज्य स्तरीय "प्रो. पी.सी. महालनोबिस सांख्यिकी अवार्ड" से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित सम्मान 29 जून को सांख्यिकी दिवस के अवसर पर जयपुर स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ राजस्थान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया जाएगा।
आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उपनिदेशक ने बताया कि चन्द्रवीर वर्तमान में ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी, जैतारण के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने सांख्यिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण आंकड़ा संकलन, विश्लेषण तथा नीति निर्माण एवं प्रशासनिक निर्णयों के लिए विश्वसनीय सांख्यिकीय आधार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी कार्यकुशलता, नवाचार और समर्पित सेवाओं को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय सम्मान के लिए चयनित किया गया है।
चन्द्रवीर इससे पूर्व भी सांख्यिकी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न अवसरों पर सम्मानित हो चुके हैं। निर्वाचन संबंधी सांख्यिकीय कार्यों, विभागीय सर्वेक्षणों, योजनाओं की मॉनिटरिंग तथा डेटा प्रबंधन में उनके उल्लेखनीय योगदान को विभाग ने समय-समय पर सराहा है।
राज्य स्तरीय प्रो. पी.सी. महालनोबिस सांख्यिकी अवार्ड सांख्यिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रदान किया जाने वाला विभाग का सर्वोच्च सम्मान है। इस उपलब्धि पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने चन्द्रवीर को शुभकामनाएं देते हुए इसे ब्यावर जिले तथा विभाग के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
