ब्यावर। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी और नशामुक्त समाज के संकल्प को लेकर आयोजित जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में खुशी खत्री ने प्रथम स्थान हासिल किया। आरुषि सोनी दूसरे और उज्ज्वल सरावगी तीसरे स्थान पर रहे। एस.डी. राजकीय महाविद्यालय, ब्यावर में 18 नवम्बर 2026 को विकसित भारत युवा संसद 2027 एवं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (माय भारत), ब्यावर की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेखा मंडोवरा, जिला युवा अधिकारी जयेश मीना एवं एनएसएस जिला समन्वयक डॉ. एम.आर. देवड़ा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के PPT राउंड में युवाओं ने विनिर्माण, उद्यमिता एवं हरित विकास (Manufacturing, Entrepreneurship and Green Growth) विषय पर अपने नवाचारपूर्ण विचार, विजन और भविष्य की कार्ययोजना प्रस्तुत की। इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में एस.डी. राजकीय महाविद्यालय, ब्यावर के व्यवसाय प्रशासन विभाग की विभागाध्यक्ष एवं सह-आचार्य डॉ. सुलक्ष्मी तोषनीवाल, जिला परिषद ब्यावर के अधीक्षण अभियंता कबीर अख्तर, ब्यावर सेवा संघ के सह प्रमुख पृथ्वी सिंह तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक तोषनीवाल शामिल रहे।

इस दौरान पृथ्वी सिंह ने युवाओं से Vocal for Local की भावना को अपनाते हुए स्थानीय संभावनाओं की तलाश करने का आह्वान किया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों एवं उत्पादों को प्रोत्साहित कर उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विकसित भारत युवा संसद 2027 आयोजित की गई। इसका विषय 'नशा मुक्त युवा – विकसित भारत' रखा गया। प्रतियोगिता में युवाओं ने नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका पर अपने विचार रखे। निर्णायक मंडल में मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी, ब्यावर डॉ. संजय गहलोत, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मसूदा डॉ. अमित वैष्णव, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समता युवा संघ से जुड़े प्रवीण बड़ोला, एस.डी. राजकीय महाविद्यालय, ब्यावर के अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर गुमान सिंह गहलोत तथा महाविद्यालय की सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. दीपाली लाल शामिल रहे।

युवा संसद प्रतियोगिता में खुशी खत्री ने प्रथम, आरुषि सोनी ने द्वितीय और उज्ज्वल सरावगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे नशामुक्ति जागरूकता अभियान, जनजागरूकता रैलियों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों तथा अपने सामाजिक समूहों के माध्यम से 'नशा मुक्त युवा – विकसित भारत' की मुहिम से जुड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।

जिला युवा अधिकारी जयेश मीना ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को अपनी रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और सामाजिक सरोकारों को प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं। युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के सदस्यों, महाविद्यालय के संकाय सदस्यों और युवाओं की उपस्थिति रही। मंच संचालन डॉ. कला जैन, डॉ. निशा बंसल एवं धर्मवीर बुगालिया ने किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व, नवाचार, उद्यमिता और नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी प्रतिभा एवं विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story