राजस्थान पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त करने एवं युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की दिशा में पुलिस थाना रायपुर में गुरुवार को यूथ सीएलजी (युवा सामुदायिक समन्वय समूह) के गठन एवं युवा संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र शर्मा तथा वृत्ताधिकारी रायपुर बंशीलाल पण्डार के निकटतम सुपरविजन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का संचालन डिप्टी सुपरिटेंडेंट अनिल पंवार, थाना प्रभारी राजूराम सीरवी एवं पुलिस टीम के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस मित्र, सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। इसकी शुरुआत थाना परिसर में “यूथ सीएलजी हरित वाटिका” के उद्घाटन से हुई, जहां पुलिस अधिकारियों एवं युवाओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसके पश्चात आयोजित बैठक में यूथ सीएलजी सदस्यों को समाज सेवा, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस के सहयोग से जनजागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। बैठक को संबोधित करते हुए रतन सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की भूमिका समाज निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि युवा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते हैं तो अपराध, नशा एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था नहीं, बल्कि युवाओं को समाज व राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाना भी है।

भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि यूथ सीएलजी के माध्यम से पुलिस और युवाओं के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा, जिससे सामाजिक समस्याओं की समझ और अपराध नियंत्रण में सहयोग मिलेगा। वहीं बंशीलाल पण्डार ने युवाओं से सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग, साइबर अपराध, नशा, छेड़छाड़ एवं बाल अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।

कार्यक्रम में यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा सड़क सुरक्षा के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए, जिससे रात्रि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। अधिकारियों ने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, पोक्सो एक्ट एवं सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी जानकारी प्रदान की।

अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में प्रदेशभर में सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में यूथ सीएलजी का गठन किया गया है, ताकि युवाओं की ऊर्जा को समाजहित, सुरक्षा एवं विकास कार्यों में लगाया जा सके।

कार्यक्रम में उप निरीक्षक सरवर खान, मनोहर खोजा सहित अन्य पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन जगदीश जोगावत द्वारा किया गया। अंत में युवाओं ने पुलिस के साथ मिलकर नशामुक्त, सुरक्षित, जागरूक एवं शांतिपूर्ण समाज निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story