ब्यावर में मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष अभियान, दिव्यांगों से घुमंतू समुदायों तक लगेंगे क्लस्टर कैंप
ब्यावर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 30 नवम्बर से 6 दिसम्बर तक दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर, बेघर व्यक्तियों और घुमंतू समुदायों के मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष कैंप और सर्वे आयोजित होंगे।

ब्यावर, 17 नवम्बर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (SSR-2027) के तहत जिले में दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर, बेघर व्यक्तियों और घुमंतू समुदायों सहित वंचित एवं संवेदनशील वर्गों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 30 नवम्बर से 6 दिसम्बर तक अलग-अलग लक्षित वर्गों के लिए क्लस्टर कैंप और विशेष सर्वे आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता पंजीकरण से वंचित नहीं रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, जयपुर के निर्देशानुसार चलाए जाने वाले इस अभियान में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं और नवमतदाताओं का पंजीकरण भी किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में वंचित एवं संवेदनशील वर्गों की शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 नवम्बर, सोमवार को दिव्यांगजनों (PwDs) के मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके लिए स्कूलों और कॉलेजों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के उपयुक्त क्लस्टर बनाए जाएंगे। दिव्यांगजनों के विशेष एवं आवासीय विद्यालयों में भी पंजीकरण कैंप आयोजित होंगे। इस अभियान में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों, राजकीय एवं निजी विद्यालयों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, दिव्यांगजनों के लिए कार्यरत CSO, NGO तथा पंचायती राज संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा।
इसके बाद 5 दिसम्बर, शनिवार को ट्रांसजेंडर समुदाय के मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष पहल की जाएगी। इसके तहत समुदाय के डेरे, हवेलियों और निवास स्थानों पर डोर-टू-डोर सर्वे किया जाएगा। इस कार्य में समुदाय के TG Champions और गुरुओं का सहयोग लिया जाएगा, ताकि पात्र सदस्यों को मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
इसी दिन बेघर व्यक्तियों (Homeless) के पंजीकरण के लिए भी सर्वे अभियान चलेगा। इसके तहत रैन बसेरों, श्रम कॉलोनियों और अन्य स्थानों पर निवासरत लोगों के साथ बेघर व्यक्तियों की पहचान कर उनका मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।
वहीं, 6 दिसम्बर, रविवार को विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG), विमुक्त जनजातियों (Denotified Tribes) तथा घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू समुदायों के लिए क्लस्टर कैंप आयोजित किए जाएंगे। ये कैंप निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) की ओर से चिह्नित स्थानों पर लगाए जाएंगे।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में विभिन्न वर्गों तक सीधे पहुंचकर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर, बेघर व्यक्ति, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह और घुमंतू समुदायों सहित समाज के सभी पात्र वर्गों की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
