ब्यावर। जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक ‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ संचालित किया जाएगा। ‘विकसित भारत’ के लक्ष्यों की दिशा में जनभागीदारी को सशक्त करने तथा जनसेवा, सामाजिक सरोकार और सुशासन की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत जिलेभर में जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

उप मुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी दिया कुमारी ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से अभियान की संचालन कार्ययोजना और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा इसके माध्यम से अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दिया कुमारी ने कहा कि ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभियान के माध्यम से जनसेवा, सामाजिक सरोकार और सुशासन की भावना को मजबूत करते हुए आमजन को विकास एवं सेवा की गतिविधियों से सक्रिय रूप से जोड़ा जाए।

अभियान के दौरान जिले में रक्तदान शिविर, जनसेवा शिविर, श्रमदान और सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शैक्षणिक संस्थानों में चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं, प्रेरणादायी वीडियो प्रदर्शन, विद्यार्थियों की रैलियां और रंगोली प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम भी होंगे।

इसी क्रम में समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आशा सहयोगिनियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया जाएगा। नवाचार एवं जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने वाली गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर सेवा और सामाजिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी दिया कुमारी ने अधिकारियों को अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही जनकल्याणकारी प्रयासों को व्यापक स्वरूप प्रदान किया जा सकता है। अभियान की गतिविधियों में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इसे जनसेवा का व्यापक अभियान बनाया जाए।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वर्चुअल बैठक में जिला कलक्टर कमल राम मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा, नगरपरिषद आयुक्त कीर्ति कुमावत, संयुक्त निदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग गणेशा राम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story