ब्यावर में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को लेकर प्रशासनिक बैठक आयोजित
अतिरिक्त जिला कलेक्टर और जिला नोडल अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिकारियों को अभियान के तहत समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ब्यावर जिला कलेक्टरेट सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के दौरान वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के कार्मिक।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार 25 मई से 05 जून तक आयोजित होने वाले “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान के सफल संचालन तथा 25 मई को गंगा दशहरा के अवसर पर जवाजा तालाब की पाल पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री ब्रह्म लाल जाट तथा अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद एवं जिला स्तरीय नोडल अधिकारी डॉ. गोपाल लाल मीणा ने विभिन्न विभागों को सौंपे गए कार्यों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अभियान को जनभागीदारी आधारित स्वरूप में संचालित करने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि अभियान का शुभारंभ 25 मई को प्रातः जवाजा बस स्टेण्ड से निकलने वाली भव्य वंदे गंगा कलश यात्रा से होगा। यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिलाएं तथा विभिन्न विभागों के कार्मिक शामिल होंगे। इसके बाद जवाजा तालाब की पाल पर जल पूजन, दीप प्रज्वलन, पीपल पूजन, पौधारोपण एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वन विभाग को पीपल एवं तुलसी के पौधे उपलब्ध कराने के साथ छायादार पौधों के रोपण हेतु गड्ढों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थल और आसपास साफ-सफाई, श्रमदान तथा दीप प्रज्वलन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। जवाजा तालाब की पाल पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान यातायात डायवर्जन तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
इसके अलावा स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर की भागीदारी सुनिश्चित करने, पोस्टर-बैनर लगाने, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, व्यवसायियों, भामाशाहों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को आमंत्रित करने तथा जवाजा ब्लॉक के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान जिलेभर में तालाबों, बांधों और जल स्रोतों की साफ-सफाई, श्रमदान, पौधारोपण, प्रभात फेरियां, जल चौपाल, जागरूकता रैली, निबंध एवं चित्रकला जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रशासन का उद्देश्य जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देकर आमजन को जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
