ब्यावर में प्रदेश की खुशहाली के लिए विशेष पूजा-अर्चना आयोजित
राज्य सरकार के निर्देश पर आशापुरा माता मंदिर समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोककल्याण के लिए हवन किया।

ब्यावर के आशापुरा माता मंदिर में बुधवार को प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए आयोजित विशेष पूजा और हवन कार्यक्रम में आहुति देते विधायक शंकर सिंह रावत, जिला कलेक्टर कमल राम मीना व अन्य गणमान्य लोग।
प्रदेश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और लोकमंगल की कामना को लेकर बुधवार को ब्यावर जिले में श्रद्धा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय से लेकर सभी उपखंडों तक विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर प्रदेश की निरंतर उन्नति, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम ब्यावर स्थित आशापुरा माता मंदिर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कमल राम मीना, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, नगर परिषद के पूर्व सभापति नरेश कनोजिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट तथा अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाल लाल मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की मंगलकामना की।
जिले के विभिन्न उपखंडों में भी धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया गया। ब्यावर के सुभाष उद्यान स्थित शिव मंदिर, मसूदा के अखाड़े वाले बालाजी मंदिर, जैतारण के बांगड़ा बालाजी मंदिर, रायपुर के गणेश मंदिर, बदनोर के आंजन धाम मंदिर तथा टॉडगढ़ के दूधालेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना सम्पन्न हुई। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।
उपखंड स्तरीय आयोजनों में भी जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। जैतारण में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने पूजा-अर्चना में सहभागिता की, जबकि मसूदा में विधायक वीरेन्द्र सिंह कानावत ने उपस्थित रहकर प्रदेश की खुशहाली, जनकल्याण एवं लोकमंगल की कामना की।
श्रद्धा, आस्था और जनसहभागिता से परिपूर्ण इन धार्मिक आयोजनों ने प्रदेश की समृद्धि और सामाजिक एकता के संदेश को मजबूत किया। जिलेभर में आयोजित विशेष पूजा-अर्चना कार्यक्रमों ने लोककल्याण और सामूहिक मंगलकामना की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए समाज में सकारात्मक वातावरण का संचार किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
