ब्यावर में शिक्षकों-कर्मचारियों का प्रदर्शन, जिला कलेक्टर को 7 सूत्री मांगपत्र सौंपकर समाधान की मांग
ब्यावर में राजस्थान पंचायतीराज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ जिला शाखा ने प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर कमलराम मीणा को मुख्यमंत्री के नाम 7 सूत्री मांगपत्र सौंपा। तृतीय श्रेणी शिक्षकों से जुड़ी कई लंबित मांगों को लेकर कर्मचारियों ने शीघ्र समाधान की अपील की।

ब्यावर में राजस्थान पंचायतीराज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए।
ब्यावर, 20 जुलाई 2026। राजस्थान पंचायतीराज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ जिला शाखा ब्यावर ने प्रदेश संयोजक संघर्ष समिति के जवरीलाल प्रजापत के नेतृत्व में कर्मचारियों की 7 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और राजस्थान सरकार के माननीय मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला कलेक्टर कमलराम मीणा को सौंपा।
जवरीलाल प्रजापत ने बताया कि राजस्थान पंचायतीराज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर पूरे प्रदेश में कर्मचारियों द्वारा प्रदर्शन कर 7 सूत्री मांगों के ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला शाखा ब्यावर की ओर से भी प्रदर्शन आयोजित कर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण करवाने, विगत छह सत्रों से लंबित तृतीय श्रेणी शिक्षकों की डीपीसी करवाने, राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए “पे-प्रोटेक्शन” आदेश को वापस लेने, वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टेट परीक्षा उत्तीर्ण करने की बाध्यता समाप्त करने, जर्जर एवं जमींदोज भवनों के पुनर्निर्माण, सरकार द्वारा कर्मचारियों पर लागू घोषित आर्थिक नाकेबंदी समाप्त करने तथा स्टाफिंग पैटर्न व्यवस्था सहित तात्कालिक समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री से विनम्र आग्रह किया गया कि उपरोक्त विषयों की गंभीरता तथा राज्य के समस्त तृतीय श्रेणी शिक्षकों में व्याप्त आक्रोश को ध्यान में रखते हुए इन सभी मांगों का शीघ्र समाधान कराया जाए।
इस कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दुर्गाराम चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष हुकमीचंद मिश्रा, प्रदेश संगठन मंत्री लिखमाराम सीरवी, जिला सभाध्यक्ष बदाराम अणकिया, अजमेर संभाग प्रभारी प्रकाश बडियासर, महासंघ ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश प्रसाद दगदी, ब्लॉक अध्यक्ष जवाजा प्रहलाद मीणा, ब्लॉक अध्यक्ष रायपुर महेन्द्रकुमार टेलर, ब्लॉक उपाध्यक्ष मंगलाराम माली, महेन्द्र कुमार डाबी, बलवीरसिंह, महेन्दर कुमार, पन्नालाल ग्वाला, विजय शंकर मिश्रा, सलाउद्दीन, लखनलाल, हरकेश मीणा, राहुल, मनोहरलाल, प्रेमसिंह, सुरेश, दिनेश, गणेश, रमेश, प्रेमप्रकाश, अमर सिंह, लखन मीणा मसूदा तथा कूका काठात सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने अपनी सात सूत्री मांगों के शीघ्र समाधान की मांग दोहराई।

