ब्यावर: वरिष्ठ नागरिक दिवस पर अमृतकौर अस्पताल में शिविर आयोजित
अमृतकौर अस्पताल में बुजुर्गों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच हुई और विधिक सेवा प्राधिकरण ने भरण-पोषण कानून व 15100 हेल्पलाइन की जानकारी दी।

तस्वीर में स्वास्थ्यकर्मी शिविर में एक बुजुर्ग व्यक्ति के रक्तचाप की जांच करती दिख रही हैं।
ब्यावर। अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर वरिष्ठजनों को स्वास्थ्य सेवाओं और उनके विधिक अधिकारों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय अमृतकौर अस्पताल, ब्यावर में निःशुल्क चिकित्सा जांच एवं विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन श्रीमान अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश), ब्यावर के निर्देशानुसार सोनल पारीख, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश), ब्यावर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, ब्यावर से समन्वय कर कराया।
शिविर में डॉ. महेन्द्र बेनीवाल, डॉ. हिमांशु फुलवारी, डॉ. जितेन्द्र फुलवारी, डॉ. हेमलता बाकोलिया, डॉ. नरेश गोठवाल, डॉ. कपिल देवड़ा एवं अन्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने उपस्थित वरिष्ठजनों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें कीं। इनमें रक्तचाप, ब्लड शुगर, नेत्र, मानसिक स्वास्थ्य, फिजियोथेरेपी, आहार एवं पोषण सहित अन्य जांचें शामिल रहीं। जांच के बाद वरिष्ठजनों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र संजय सिंह गेहलोत ने उपस्थित वरिष्ठजनों को विधिक परामर्श दिया। उन्होंने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007, निःशुल्क विधिक सहायता एवं वरिष्ठजनों के विधिक अधिकारों के संबंध में जानकारी प्रदान की। साथ ही नालसा की वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित योजनाओं, विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी अवगत कराया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए शिविर में उपस्थित वरिष्ठजनों को कपड़े की थैलियों का वितरण किया गया। इस दौरान एकल-उपयोग प्लास्टिक थैलियों के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों तथा पर्यावरण संरक्षण के संबंध में भी जागरूक किया गया।
शिविर का उद्देश्य वरिष्ठजनों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
