ब्यावर, 4 जुलाई। जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर भवन में शनिवार को जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में चयनित जिले के 513 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसी अवसर पर बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचआरआरएल रिफाइनरी के उद्घाटन समारोह का जिला मुख्यालय सहित सभी ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सीधा लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, नवचयनित अभ्यर्थियों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने देखा और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुना।




रोजगार उत्सव के दौरान नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए तथा मुख्यमंत्री का शुभकामना संदेश भी सुनाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा बाल अधिकारिता विभाग की राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने कहा कि आज का दिन राजस्थान के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश विकास के प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ा है।

डॉ. मंजू बाघमार ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनमें विश्वास और उत्साह का वातावरण बना है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। यमुना जल समझौता प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार आमजन के कल्याण के लिए संकल्पित है और जनकल्याण के प्रति यह प्रतिबद्धता प्रदेशभर में दिखाई दे रही है।

राज्य मंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति केवल रोजगार प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जनसेवा का दायित्व भी है। उन्होंने सभी कार्मिकों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर राज्य मंत्री ने कालबेलिया समाज की राजकीय सेवा में चयनित प्रथम महिला सुश्री सुगना पुत्री श्री छोगानाथ कालबेलिया को विशेष रूप से सम्मानित कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि समाज की बेटियों के लिए प्रेरणादायी है और इससे शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति नई ऊर्जा का संचार होगा।

कार्यक्रम में ब्यावर विधायक श्री शंकर सिंह रावत ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में विकास की गति और तेज होगी तथा औद्योगिक क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं के सपने साकार हुए हैं और यह प्रदेश के लिए शुभ अवसर है। उन्होंने नवचयनित कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित एवं जनकल्याण की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में ब्यावर विधायक श्री शंकर सिंह रावत, पूर्व सभापति नगर परिषद् ब्यावर श्री नरेश कनोजिया, निवर्तमान प्रधान जवाजा श्री गणपत सिंह रावत, जिला कलक्टर श्री कमल राम मीना, जिला पुलिस अधीक्षक श्री रतन सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री ब्रह्मलाल जाट, उपखण्ड अधिकारी ब्यावर श्री दिव्यांश सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाल लाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिले के नवचयनित युवा, उनके परिवारजन तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। रोजगार उत्सव के माध्यम से एक ओर नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए तो दूसरी ओर पचपदरा एचआरआरएल रिफाइनरी के उद्घाटन का लाइव प्रसारण जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से देखा गया।

Updated On
Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story