ब्यावर। राजस्थान के ब्यावर जिले में रास थाना पुलिस ने करीब पांच महीने से फरार चल रहे 3 हजार रुपये के इनामी आरोपी दिनेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना क्षेत्र के वांछित अपराधियों की टॉप-10 सूची में शामिल था। पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर प्रकरण में अनुसंधान किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जिला ब्यावर रतन सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और जैतारण वृत्ताधिकारी रमेश सिंह हाड़ा के निकटतम सुपरविजन में रास थाना प्रभारी पन्नालाल उपनिरीक्षक के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने करीब पांच महीने से फरार चल रहे 3 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया।

प्रकरण के अनुसार, 14 मई 2026 को पीड़िता को डराकर-धमकाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध करीब सात दिनों तक एक कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ गलत काम करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले में रास थाना, जिला ब्यावर में मुकदमा नंबर 92, दिनांक 14 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 127(3), 336(3), 137(2), 338, 340(2), 115(2), 308(2) और 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(E) और 67 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले की जांच जैतारण वृत्ताधिकारी रमेश सिंह हाड़ा ने शुरू की थी।

पुलिस कार्रवाई के दौरान पीड़िता के भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 183 के तहत बयान दर्ज करवाए गए और उसका मेडिकल मुआयना कराया गया। प्रकरण में पहले आरोपी देवकरण उर्फ देवराज निवासी जसनगर और शब्बीर उर्फ साबिर निवासी जसनगर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। इसके बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया गया।

मामले में शामिल एक अन्य आरोपी दिनेश पुत्र प्रेमराज निवासी जसनगर घटना के बाद से अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए रास थाना पुलिस ने टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी और तलाश की, लेकिन कई प्रयासों के बावजूद उसका पता नहीं चल पाया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ब्यावर ने आदेश क्रमांक एमओबी/2026/इनामी/2956-66, दिनांक 1 अक्टूबर 2026 के तहत आरोपी दिनेश पर 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस ने अब आरोपी दिनेश पुत्र प्रेमराम, उम्र 26 वर्ष, निवासी जसनगर, थाना जसनगर, जिला नागौर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।

इस कार्रवाई में रास थाना प्रभारी पन्नालाल, उपनिरीक्षक धर्माराम, जैतारण वृत्त कार्यालय के उपनिरीक्षक उमराव, कांस्टेबल रामदयाल नंबर 515, रास थाना के कांस्टेबल सुशील नंबर 519 और कांस्टेबल संजय नंबर 513 शामिल रहे। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय ब्यावर के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ की ओर से दी गई।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story