ब्यावर में पंचायतीराज चुनाव 2026: मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण शुरू
राजकीय पटेल स्कूल में 2100 मतदान कार्मिकों को 25 अक्टूबर तक ईवीएम संचालन, मॉक पोल और निर्वाचन नियमों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

ब्यावर के पटेल स्कूल में पंचायतीराज चुनाव हेतु मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण।
ब्यावर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के सफल और शांतिपूर्ण संचालन के लिए मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बुधवार, 21 अक्टूबर को राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्यावर में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का उप जिला निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मलाल जाट ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न प्रशिक्षण कक्षों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपस्थित मतदान कार्मिकों को संबोधित किया।
ब्रह्मलाल जाट ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में मतदान दल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी कार्मिकों को निर्वाचन नियमों और दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन डॉ. योगेश भाटी, व्यवस्थापक प्रशिक्षण प्रकोष्ठ एवं जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर के नेतृत्व में दक्ष मास्टर ट्रेनर्स द्वारा किया गया। इस दौरान मतदान कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम की कंट्रोल यूनिट एवं बैलेट यूनिट के संचालन, मॉक पोल और सीलिंग प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके साथ ही विभिन्न सांविधिक एवं असांविधिक प्रपत्रों को भरने का सैद्धांतिक और प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण आगामी 25 अक्टूबर तक निरंतर आयोजित किया जाएगा। इस अवधि में जिले की समस्त पंचायत समितियों के लिए नियुक्त कुल 2100 मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदान सुनिश्चित करने के लिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण है।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
