ब्यावर में पंचायत चुनाव के मतदान के बीच संभागीय आयुक्त और IG ने संभाली कमान, केंद्रों का किया निरीक्षण
संभागीय आयुक्त और आईजी ने मसूदा और बदनोर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ और आईजी डॉ. रवि ब्यावर के मतदान केंद्र पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए।
ब्यावर में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के मतदान के दौरान प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सोमवार, 16 नवंबर को संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ एवं पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि ने मसूदा और बदनोर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर प्रशासनिक एवं सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
संभागीय आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक ने मसूदा क्षेत्र के बाडी, हनुतिया, सथाना, पीपलाज और झाक खास तथा बदनोर क्षेत्र के रामपुरा और पाटन सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदाताओं के लिए उपलब्ध पेयजल, छाया, रैंप, व्हीलचेयर और कतार प्रबंधन जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने पीठासीन अधिकारियों से मतदान प्रतिशत की जानकारी ली। साथ ही ईवीएम (EVM) मशीनों के सुचारू संचालन की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। वहीं, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए तैनात पुलिस जाब्ते को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने, पूरे क्षेत्र में लगातार मोबाइल पेट्रोलिंग जारी रखने और आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक ने मतदान केंद्रों पर कतार में खड़े मतदाताओं से भी संवाद किया। उन्होंने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद संतोष व्यक्त किया और शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने का विश्वास जताया।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना, रिटर्निंग अधिकारी मसूदा दीपशिखा, पुलिस उप अधीक्षक मसूदा शिवराज सिंह, तहसीलदार भींवराज परिहार, सीआई राजवीर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों के इस निरीक्षण के दौरान मतदाताओं की सुविधाओं, ईवीएम संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और आदर्श आचार संहिता के पालन पर विशेष ध्यान दिया गया।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
